![]()
छतरपुर। एमसीएक्स (MCX) ऑनलाइन सट्टा कारोबार से जुड़े व्यापारी राजेश अग्रवाल आत्महत्या मामले में फरार आरोपियों की तलाश तेज करते हुए पुलिस ने इनाम राशि बढ़ा दी है। पहले 5 हजार रुपए घोषित इनाम को बढ़ाकर अब 25 हजार रुपए कर दिया गया है। साथ ही, शहर के प्रमुख सार्वजनिक स्थानों पर आरोपियों के फोटो और नाम वाले वांटेड पोस्टर लगाए गए हैं, ताकि आम लोगों की मदद से उनकी जल्द गिरफ्तारी हो सके।
पोस्टर लगाने की कार्रवाई रविवार देर रात अपोलो क्रॉस मार्केट और अंतरराज्यीय बस स्टैंड क्षेत्र से शुरू की गई। इसके बाद चौबे तिराहा, डाकघर चौराहा, रेलवे स्टेशन समेत शहर के अन्य भीड़भाड़ वाले इलाकों में भी पोस्टर लगाए गए। पुलिस का उद्देश्य है कि अधिक से अधिक लोग आरोपियों की पहचान कर सकें और उनके बारे में सूचना दें।
सब इंस्पेक्टर अंकुर चौबे ने बताया कि पोस्टरों में शरद अग्रवाल, कल्लू कलई, अनवर खान, सुरेश नगरिया और मोनू उर्फ दीपक अग्रवाल की तस्वीरें और नाम प्रकाशित किए गए हैं। पुलिस लगातार इन सभी आरोपियों की तलाश कर रही है, लेकिन वे अब तक गिरफ्तारी से बचते फिर रहे हैं।
पुलिस के मुताबिक, आरोपियों के संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है। जिले के साथ-साथ आसपास के जिलों की पुलिस इकाइयों को भी सतर्क कर दिया गया है। पोस्टर अभियान का मकसद आम नागरिकों की सहायता से फरार आरोपियों तक जल्द पहुंचना है।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि यदि इन आरोपियों के संबंध में कोई भी जानकारी मिले तो तुरंत नजदीकी थाने, पुलिस कंट्रोल रूम या वरिष्ठ अधिकारियों को सूचना दें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।
पुलिस अधीक्षक रजत सकलेचा ने बताया कि सार्वजनिक स्थानों और उन इलाकों में पोस्टर लगाए जा रहे हैं, जहां आरोपियों के मिलने की संभावना है। उन्होंने कहा कि लोगों की सूचना पुलिस के लिए महत्वपूर्ण साबित हो सकती है और इससे आरोपियों की गिरफ्तारी में मदद मिलेगी।
गौरतलब है कि एमसीएक्स ऑनलाइन सट्टा कारोबार से जुड़े विवाद के बाद व्यापारी राजेश अग्रवाल की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हुई थी। इस मामले में आत्महत्या के लिए उकसाने सहित विभिन्न धाराओं में केस दर्ज किया गया है। नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने से पुलिस पर लगातार कार्रवाई का दबाव बना हुआ है।
