![]()
शिवपुरी के दिनारा कस्बे में बुधवार को कृष्णा चौराहे के सामने स्थित महेश बेडर के कबाड़ गोदाम में अचानक भीषण आग लग गई। इस घटना में लाखों रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है। आग इतनी तेजी से फैली कि पूरे गोदाम को अपनी चपेट में ले लिया, जहां बड़ी मात्रा में पुरानी गाड़ियां और अन्य कबाड़ सामग्री रखी हुई थी।
आग लगने के बाद आसपास के इलाकों में हड़कंप मच गया, क्योंकि लपटों के पास स्थित घरों तक पहुंचने का खतरा भी बना हुआ है।
घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड, पुलिस प्रशासन और स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए और आग पर काबू पाने के प्रयास शुरू कर दिए। फायर ब्रिगेड की टीम लगातार आग बुझाने में जुटी हुई है, लेकिन खबर लिखे जाने तक आग पर पूरी तरह नियंत्रण नहीं पाया जा सका था।
स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल बना हुआ है, वहीं प्रशासन मौके पर मौजूद रहकर स्थिति पर नजर बनाए हुए है।
फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है।
