![]()
उमरिया जिले के बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व में वन भूमि पर हो रहे अतिक्रमण के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। पनपथा परिक्षेत्र के पिटौर बीट (कक्ष क्रमांक पीएफ 625) में कुछ लोगों द्वारा जंगल की जमीन पर झोपड़ियां बनाकर कब्जा करने का प्रयास किया जा रहा था।
सूचना मिलने पर टाइगर रिजर्व के अधिकारियों और कर्मचारियों की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और कार्रवाई शुरू की। इस दौरान लगभग 5 हेक्टेयर वन भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराया गया तथा करीब 30 अवैध झोपड़ियों को हटाया गया। बताया गया कि अतिक्रमणकारी क्षेत्र में खूंटा-खंभा गाड़कर अपने-अपने हिस्से चिन्हित कर रहे थे, ताकि आगे चलकर कब्जे को मजबूत किया जा सके।
सहायक संचालक भूरा गायकवाड़ ने जानकारी देते हुए कहा कि समय रहते कार्रवाई कर पूरे क्षेत्र को अतिक्रमण से मुक्त करा लिया गया है। उन्होंने बताया कि खेती के सीजन से पहले इस तरह की गतिविधियां बढ़ जाती हैं, लेकिन विभागीय टीम लगातार गश्त कर रही है और ऐसी कोशिशों को विफल किया जा रहा है।
वन विभाग ने स्पष्ट किया है कि जंगल क्षेत्र में किसी भी प्रकार का अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और भविष्य में भी ऐसी गतिविधियों पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
