![]()
मुरैना के लोगों को अब सैनिक स्कूल की सुविधा मुरैना में ही उपलब्ध होगी। रक्षा मंत्रालय, भारत सरकार और मुरैना के टीएसएस स्कूल प्रबंधन के बीच पीपीपी (PPP) मोड पर स्कूल संचालन का करार हुआ है। इस वर्ष 2026 के नवीन सत्र से इसकी शुरुआत की जा रही है। स्कूल परिसर में रक्षा मंत्रालय की टीम पहुंच चुकी है और स्कूल प्रबंधन के साथ रक्षा मंत्रालय से आए स्कूल इंचार्ज द्वारा प्रेस वार्ता कर इसकी जानकारी दी गई।
मुरैना जिले को अब सैनिक स्कूल की सुविधा मिल गई है। जिले के टीएसएस स्कूल प्रबंधन और रक्षा मंत्रालय के बीच हुए करार के तहत यहां 80 सीटें प्रदान की गई हैं और स्कूल का संचालन पीपीपी मोड पर किया जाएगा। स्कूल की नवीन बिल्डिंग और हॉस्टल पहले ही तैयार किए जा चुके हैं। सभी 80 सीटों पर एडमिशन हो चुके हैं और देशभर से छात्र यहां पहुंच रहे हैं। टीएसएस स्कूल के डायरेक्टर सुरेंद्र प्रताप सिंह सिकरवार के अनुसार, यह सैनिक स्कूल रक्षा मंत्रालय और टीएसएस स्कूल के संयुक्त संचालन में पीपीपी मोड पर चलेगा। शुरुआत में 80 सीटें आवंटित की गई हैं, जिन पर प्रवेश प्रक्रिया पूरी हो चुकी है।
केंद्र से आई सैनिक टुकड़ी ने यहां कार्यभार संभाल लिया है। नायक अकबर खान के अनुसार वे इस सैनिक स्कूल के इंचार्ज रहेंगे और फिलहाल एक सैनिक साथी के साथ पहुंचे हैं। आगे छात्रों की संख्या के अनुसार शिक्षक नियुक्त किए जाएंगे। जानकारी के अनुसार, इनलाइन रिजल्ट घोषित होने के बाद छात्र अपनी पसंद से इस स्कूल का चयन कर रहे हैं।
