बालाघाट में पंवार समाज ने कथित धर्मांतरण के आरोपों को लेकर पुलिस अधीक्षक (एसपी) को ज्ञापन सौंपा है। समाज का आरोप है कि एक विशेष धर्म के लोग आर्थिक रूप से कमजोर और बीमार पंवार समाज के सदस्यों को प्रलोभन देकर साजिश के तहत धर्मांतरण करवा रहे हैं। पंवार समाज के जिलाध्यक्ष विशाल बिसेन ने बताया कि जिले में सुनियोजित षड्यंत्र के तहत धर्मांतरण किया जा रहा है, जिसमें विशेष रूप से पंवार समाज को निशाना बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इस संबंध में जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन को पहले ही अवगत कराया जा चुका है।
समाज की ओर से पुलिस अधीक्षक और राज्य के पुलिस महानिदेशक को संबोधित ज्ञापन में मांग की गई है कि इस मामले की जांच के लिए विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया जाए। साथ ही, दोषियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की जाए। ज्ञापन सौंपते समय राष्ट्रीय महासभा के महासचिव अर्पण बिसेन, जिलाध्यक्ष विशाल बिसेन, महासचिव डॉ. राजेंद्र कटरे, संरक्षक बी.एल. चौधरी और रेखचंद देशमुख सहित कई अन्य सामाजिक पदाधिकारी और सदस्य उपस्थित रहे।
