Tiger enters village in Shivpuri, kills buffalo; rescued with elephants after tranquilization|शिवपुरी में टाइगर ने गांव में भैंस का शिकार किया, हाथियों की मदद से ट्रेंकुलाइज कर किया गया रेस्क्यू
शिवपुरी जिले के नरवर तहसील के रायपुर धमकन गांव में गुरुवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया जब माधव टाइगर रिजर्व से निकलकर एक टाइगर आबादी क्षेत्र में पहुंच गया। टाइगर ने एक भैंस का शिकार कर उसे खींचकर ले गया। जानकारी के अनुसार, गुरुवार सुबह करीब 6 बजे माधव टाइगर रिजर्व से निकली मादा टाइगर एमटी-6 रायपुर धमकन गांव में पहुंची। यहां उसने रामबरन गुर्जर के घर से लगभग 50 मीटर दूरी पर बाड़े में बैठी भैंस पर हमला कर दिया। टाइगर ने भैंस की गर्दन अपने जबड़े में दबोच ली और उसे खींचकर ले गया। इसी दौरान रामबरन गुर्जर शौच के लिए घर से बाहर निकले थे, तभी उनका सामना टाइगर से हो गया। ग्रामीणों के अनुसार उन्होंने किसी तरह भागकर अपनी जान बचाई, वरना बड़ा हादसा हो सकता था। घटना के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल बन गया।
सूचना मिलते ही वन विभाग और पार्क प्रबंधन की टीम मौके पर पहुंची और हाथियों की मदद से टाइगर को ट्रेंकुलाइज कर काबू में लिया गया। गांव के निवासी रामवतार गुर्जर का कहना है कि रायपुर धमकन गांव माधव टाइगर रिजर्व से सटा हुआ है, जिसके कारण यहां लगातार टाइगर की आवाजाही बनी रहती है। ग्रामीणों का कहना है कि अब गांव के अंदर तक टाइगर के आने से दहशत और बढ़ गई है। लोग रात में घरों में रहने को मजबूर हैं और बच्चों को बाहर नहीं निकलने दिया जा रहा है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मुआवजे के साथ-साथ गांव के विस्थापन की भी मांग की है।
बताया जा रहा है कि मादा टाइगर एमटी-6 को 27 दिसंबर को माधव टाइगर रिजर्व में छोड़ा गया था। इसके बाद से वह लगातार जंगल छोड़कर आबादी क्षेत्र की ओर आ रही है। 1 जनवरी को इसने डोंगर गांव में एक व्यक्ति पर हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया था। इसके बाद टीम ने इसे जंगल की ओर खदेड़ा, लेकिन यह बार-बार आबादी क्षेत्र में पहुंचती रही और मवेशियों का शिकार करती रही। खुटेला और सरदारपुरा क्षेत्र में कई दिनों तक रहने के बाद जब यह जंगल में वापस नहीं लौटी, तो 13 जनवरी को इसे पहली बार ट्रेंकुलाइज किया गया था। अब 16 अप्रैल को रायपुर धमकन गांव में फिर से दहशत फैलाने के बाद एमटी-6 को एक बार फिर ट्रेंकुलाइज कर रेस्क्यू किया गया है।