![]()
सतना के प्रियंवदा बिरला अस्पताल में ब्रेन ट्यूमर के ऑपरेशन के बाद एक महिला के पेट पर चीरा मिलने से हड़कंप मच गया। परिजनों और ग्रामीणों ने शुक्रवार को अस्पताल में जमकर हंगामा किया, जिसके बाद पुलिस को मौके पर बुलाना पड़ा। इस हंगामे में तीन घंटे तक हालात तनावपूर्ण रहे।
यह मामला सभापुर थाना क्षेत्र के ग्राम माजन निवासी 60 वर्षीय जमुनिया साकेत से जुड़ा है। परिजनों के अनुसार, 29 मार्च की सुबह करीब 4 बजे उन्हें इलाज के लिए अस्पताल लाया गया था। जांच में महिला को ब्रेन ट्यूमर बताया गया और 1 अप्रैल को उनका ऑपरेशन किया गया। घर जाकर देखा गया तो पेट पर भी चीरा मिला।
परिजनों का आरोप है कि ऑपरेशन के बाद भी महिला होश में नहीं आई थी, लेकिन शुक्रवार सुबह करीब 10:30 बजे उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। घर ले जाने के बाद जब महिला के शरीर से बंधी पट्टियां हटाई गईं, तो पेट पर भी एक चीरा मिला। यह देखकर परिजन हैरान रह गए और चिकित्सा प्रक्रिया में गड़बड़ी का संदेह जताया।
इस शक के आधार पर परिजन और ग्रामीण दोबारा अस्पताल पहुंचे और डॉक्टरों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा करने लगे। आरोप है कि इस दौरान अस्पताल स्टाफ के साथ हाथपाई भी हुई। हालांकि, सुरक्षाकर्मियों और पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित किया।
अस्पताल प्रबंधन ने विवाद को शांत करने का प्रयास किया, लेकिन स्थिति बेकाबू हो गई। सूचना मिलने पर कोलगवां टीआई सुदीप सोनी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की स्थिति को संभाला। पुलिस ने दोनों पक्षों की बात सुनकर मामले की जांच शुरू कर दी है। अस्पताल प्रबंधन का कहना है कि ऑपरेशन चिकित्सा प्रक्रिया के तहत किया गया और सभी आवश्यक प्रोटोकॉल का पालन किया गया। फिलहाल मामले की जांच जारी है और जांच पूरी होने के बाद ही सच्चाई सामने आएगी।
