![]()
भोपाल के पिपलानी इलाके में गुरुवार देर रात एक तेज रफ्तार ट्रक ने पीछे से एक सुरक्षा गार्ड को टक्कर मार दी, जिससे गंभीर चोटें आईं। उपचार के दौरान शुक्रवार तड़के गार्ड की मौत हो गई। पिपलानी पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, 60 वर्षीय रामगोपाल धाकड़ अयोध्या एक्सटेंशन के रहने वाले थे और बीमा हॉस्पिटल रत्नागिरी में गार्ड की नौकरी करते थे। हादसा उस समय हुआ जब वह ड्यूटी समाप्त कर घर लौट रहे थे। पिपलानी इलाके में उनकी डिस्कवर बाइक के पीछे से तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी, जिससे रामगोपाल गंभीर रूप से घायल हो गए।
परिजनों ने उन्हें तुरंत प्राइवेट हॉस्पिटल में भर्ती कराया, लेकिन इलाज के दौरान शुक्रवार तड़के उनकी मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस ने मर्ग कायम किया और मामले की जांच शुरू कर दी। आरोपी ट्रक चालक की पहचान कर उसकी गिरफ्तारी की कोशिश की जा रही है। शुक्रवार दोपहर पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
