Only 4 of 17 Doctor Posts Filled at Ashoknagar District Hospital; MLA Finds Just One Doctor on Duty, Patients Struggle|जिला अस्पताल में डॉक्टर के 17 पदों में केवल 4 तैनात; विधायक निरीक्षण पर पहुंचे तो सिर्फ एक डॉक्टर मौजूद, मरीज परेशान
![]()
अशोकनगर विधायक हरि बाबू राय ने गुरुवार को जिला अस्पताल का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान ओपीडी में उन्हें केवल एक डॉक्टर ही मिला, जबकि अधिकांश केबिन खाली थे। इससे मरीजों को इलाज कराने में गंभीर परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।
विधायक को मरीजों से यह जानकारी मिली थी कि डॉक्टरों की कमी के कारण उन्हें समय पर इलाज नहीं मिल पा रहा है। इसी आधार पर हरि बाबू राय अस्पताल पहुंचे और व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने भर्ती मरीजों से भी मुलाकात कर उनका हालचाल जाना।
निरीक्षण के दौरान ओपीडी में डॉ. के एल राहुल को छोड़कर अन्य सभी केबिन खाली पाए गए। इस स्थिति पर विधायक ने गहरी नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने मौके पर ही सिविल सर्जन डॉ. भूपेंद्र शेखावत को बुलाया और अस्पताल की वर्तमान स्थिति पर विस्तार से चर्चा की। सिविल सर्जन डॉ. शेखावत ने बताया कि अस्पताल में स्वीकृत 17 डॉक्टर पदों में से केवल 4 डॉक्टर ही कार्यरत हैं। डॉक्टरों की इस भारी कमी के कारण स्वास्थ्य सेवाएं गंभीर रूप से प्रभावित हो रही हैं।
विधायक ने बढ़ती गर्मी को देखते हुए अस्पताल में पर्याप्त कूलर और पंखे लगाने के निर्देश दिए। साथ ही, व्हीलचेयर उपलब्ध न होने पर एक मरीज की मदद के लिए विधायक स्वयं आगे आए। उन्होंने डायलिसिस यूनिट वार्ड का भी निरीक्षण किया और वहां मौजूद मरीजों से बातचीत कर उनके उपचार संबंधी जानकारी ली। विधायक ने जिले में इस सुविधा की उपलब्धता पर संतोष व्यक्त किया।
विधायक हरि बाबू राय ने कहा कि शाढौरा, ईसागढ़ और चंदेरी क्षेत्र के मरीजों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए इन स्थानों के अस्पतालों में भी डायलिसिस यूनिट स्थापित करने के लिए पत्र लिखा जाएगा, ताकि मरीजों को दूर न जाना पड़े। उन्होंने स्पष्ट किया कि मरीजों को किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए और आश्वासन दिया कि अस्पताल की व्यवस्थाओं में जल्द सुधार किया जाएगा।
