Massive Devotee Rush at Gharona Sarkar Hanuman Temple on Hanuman Jayanti, Traffic Affected on NH-44|हनुमान जयंती पर घरौंना सरकार मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़, NH-44 पर ट्रैफिक प्रभावित
हनुमान जन्मोत्सव के अवसर पर आज सुबह से ही हनुमान मंदिरों में श्रद्धालुओं का तांता लगा हुआ है। जिले के प्रमुख और प्राचीन मंदिरों में भक्तों की भारी भीड़ उमड़ रही है। घरौंना सरकार हनुमान मंदिर, बगिया वाले हनुमान मंदिर, पंचमुखी हनुमान मंदिर, बारह फुटा हनुमान मंदिर, पुलिस लाइन हनुमान मंदिर, बैरियर चौराहा हनुमान मंदिर और टेलीफोन बाबा हनुमान मंदिर में बड़ी संख्या में श्रद्धालु सुबह से दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं। यह सिलसिला देर रात तक जारी रहने की संभावना है।
हनुमान जयंती के अवसर पर विशेष रूप से प्रसिद्ध प्राचीन घरौंना सरकार हनुमान मंदिर में अल सुबह से ही भक्तों की भारी भीड़ देखी जा रही है। नेशनल हाईवे-44 के किनारे स्थित इस मंदिर पर श्रद्धालुओं के अधिक संख्या में पहुंचने के कारण हाईवे पर जाम जैसी स्थिति बन गई। हालांकि ट्रैफिक पुलिस की मदद से वाहनों की आवाजाही धीरे-धीरे सुचारू रूप से संचालित की जा रही है।
मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं के लिए भंडारे और प्रसाद वितरण की व्यवस्था भी की गई है, जिससे दूर-दराज से आने वाले भक्तों को सुविधा मिल रही है।
घरौंना सरकार हनुमान मंदिर की विशेष धार्मिक मान्यता है। इस प्राचीन मंदिर में दक्षिणमुखी भगवान हनुमान की प्रतिमा गर्भगृह में स्थापित है। वहीं, गर्भगृह के ऊपर बने हॉल में राधा-कृष्ण, लक्ष्मी-नारायण, भोलेनाथ और मां दुर्गा की प्रतिमाएं विराजमान हैं। मंदिर परिसर के मध्य में यहां के प्रसिद्ध संत महाराज की समाधि स्थल स्थित है, जहां संत की खड़ाऊ रखी गई है और श्रद्धालु उसकी परिक्रमा करते हैं।
इस मंदिर के बारे में मान्यता है कि यहां सच्चे मन से मांगी गई मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं। मन्नत पूरी होने पर श्रद्धालु हनुमान जी को झंडा चढ़ाते हैं। इसी आस्था के चलते हनुमान जयंती के दिन यहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं।
मंदिर नेशनल हाईवे पर स्थित होने के कारण हर वर्ष इस अवसर पर ट्रैफिक प्रभावित होता है। सुरक्षा और व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन द्वारा मंदिर परिसर और मुख्य द्वार पर 11 पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। साथ ही ट्रैफिक व्यवस्था को नियंत्रित करने के लिए भी पुलिस लगातार सक्रिय रूप से कार्य कर रही है।