Light Rain Brings Relief in Raisen but Raises Farmers’ Concerns Amid Harvest; Rain and Hail Alert Till April 4|रायसेन में बूंदाबांदी से राहत, लेकिन कटाई के बीच किसानों की बढ़ी चिंता; 4 अप्रैल तक बारिश-ओलावृष्टि का अलर्ट
रायसेन जिले में मौसम का मिजाज लगातार बदलता नजर आ रहा है। बुधवार शाम करीब 4 बजे अचानक आसमान में काले बादल छा गए और गरज-चमक के साथ हल्की बूंदाबांदी शुरू हो गई। बादलों की घनत्व के कारण दिन के समय ही अंधेरा जैसा माहौल बन गया, जिससे वाहन चालकों को हेडलाइट जलाकर वाहन चलाने पड़े।
दिनभर की तेज गर्मी के बाद शाम को हुई इस बूंदाबांदी से मौसम में ठंडक घुल गई, जिससे लोगों को राहत महसूस हुई। इस दौरान तेज हवाएं भी चलती रहीं, जिसने मौसम के प्रभाव को और बढ़ा दिया।
वहीं, इस बदलते मौसम के बीच किसानों की परेशानी बढ़ गई है। इस समय खेतों में फसल कटाई का कार्य तेजी से जारी है। कई फसलें पूरी तरह पक चुकी हैं, जबकि कई स्थानों पर कटी हुई फसल खेतों में ही रखी हुई है। ऐसे में बारिश और ओलावृष्टि की आशंका ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। मौसम के रुख को देखते हुए किसान अपनी फसलों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने में जुटे हुए हैं, ताकि किसी भी संभावित नुकसान से बचा जा सके।
मौसम विभाग ने पहले ही 4 अप्रैल तक गरज-चमक के साथ बारिश और ओलावृष्टि की संभावना जताई थी। इसी को ध्यान में रखते हुए रायसेन सहित प्रदेश के कई जिलों में 4 अप्रैल तक अलर्ट जारी किया गया है। लगातार बदलते मौसम का असर जहां आम जनजीवन पर पड़ रहा है, वहीं खेती-किसानी भी इससे प्रभावित हो रही है। आने वाले दिनों में मौसम की स्थिति पर सभी की नजर बनी हुई है।