![]()
![]()
मुरैना जिले के नेशनल हाईवे-552 पर बागचीनी थाना क्षेत्र में एक भीषण सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार एंबुलेंस और बाइक की आमने-सामने टक्कर में बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हालत नाजुक होने पर उसे प्राथमिक इलाज के बाद ग्वालियर रेफर किया गया है।
हादसा छैरा गांव के पास हुआ, जहां सबलगढ़ की ओर से आ रही एंबुलेंस और हाईवे पार कर रहे बाइक सवार की सीधी टक्कर हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और युवक सड़क पर गंभीर हालत में गिर पड़ा।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से घायल युवक को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत गंभीर देखते हुए ग्वालियर रेफर कर दिया।
फिलहाल युवक की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस आसपास के गांवों में जानकारी जुटा रही है। बागचीनी थाना प्रभारी शशि कुमार के मुताबिक पहले घायल का इलाज कराना जरूरी था, इसलिए उसे तुरंत रेफर किया गया। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।