![]()
ग्वालियर के हजीरा स्थित सिविल अस्पताल का ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने सोमवार को निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने पानी की टंकियों के पास फैली गंदगी देख नाराजगी जताई और खुद झाड़ू उठाकर सफाई में जुट गए।
मंत्री तोमर ने मौके पर मौजूद अधिकारियों को फटकार लगाई और साफ-सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उनके इस कदम को देखकर अस्पताल के स्टाफ और अन्य लोग भी सक्रिय हो गए।
मंत्री ने स्पष्ट किया कि अस्पताल जैसे संवेदनशील स्थान पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को अस्पताल परिसर में नियमित सफाई और विशेष रूप से पानी की टंकियों के आसपास स्वच्छता बनाए रखने के निर्देश दिए, ताकि मरीजों और उनके परिजनों को परेशानी न हो।
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सफाई व्यवस्था में लापरवाही पाई गई, तो जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
प्रद्युम्न सिंह तोमर पहले भी कई बार सार्वजनिक स्थानों पर खुद सफाई करते देखे गए हैं, और उनके ऐसे कदम अक्सर अधिकारियों को अपनी जिम्मेदारी का एहसास कराते हैं। इस मौके पर उनकी सफाई करते हुए वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। लोगों की प्रतिक्रियाएं मिली-जुली हैं; कुछ लोग उनके कदम की सराहना कर रहे हैं, जबकि कुछ इसे प्रशासनिक व्यवस्था पर सवाल उठाने वाला बता रहे हैं।
