![]()
दमोह जिले में जिला कांग्रेस के नेतृत्व में सोमवार शाम राज्यपाल के नाम एक ज्ञापन सौंपा गया। इस ज्ञापन में प्रदेश और जिले में डीजल, पेट्रोल और एलपीजी गैस की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने की मांग उठाई गई।
यह ज्ञापन कांग्रेस जिलाध्यक्ष मानक पटेल के नेतृत्व में सौंपा गया। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य में ‘डबल इंजन’ की सरकार होने के बावजूद आम लोगों को ईंधन और गैस की कमी का सामना करना पड़ रहा है।
ज्ञापन में उल्लेख किया गया कि महंगाई से पहले ही आम जनता परेशान है। इसी बीच केंद्र सरकार द्वारा घरेलू गैस सिलेंडर के दाम में लगभग 60 रुपए और कमर्शियल सिलेंडर में करीब 115 रुपए की बढ़ोतरी की गई है, जिससे लोगों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ा है।
इसके अलावा, मध्य प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी की सरकार द्वारा बिजली दरों में 4.80 प्रतिशत की वृद्धि किए जाने का भी उल्लेख किया गया। कांग्रेस का कहना है कि इससे आम जनजीवन और अधिक प्रभावित हुआ है।
ज्ञापन में यह भी कहा गया कि पेट्रोल और डीजल की पर्याप्त उपलब्धता नहीं होने के कारण लोगों को कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। गैस एजेंसियों और पेट्रोल पंपों पर लंबी कतारें लग रही हैं, जिससे स्थिति और गंभीर हो गई है।
कांग्रेस ने आरोप लगाया कि नोटबंदी के समय की समस्याएं, कोरोना काल में ऑक्सीजन की कमी, किसानों को खाद-बीज वितरण में दिक्कतें, राशन दुकानों पर अव्यवस्था और अब ईंधन व गैस की समस्या यह दर्शाती है कि सरकार आम जनता के मुद्दों के प्रति गंभीर नहीं है।
मूल्य वृद्धि के कारण जहां एक ओर लोगों पर आर्थिक दबाव बढ़ा है, वहीं डीजल और पेट्रोल की कमी से परिवहन व्यवस्था के साथ-साथ किसानों के कार्य भी प्रभावित हो रहे हैं।
