![]()
कटनी जिले के मझगवां गांव में सोमवार को एक मुर्गा पार्टी की लापरवाही से तीन किसानों को भारी नुकसान हुआ। बड़वारा थाना क्षेत्र में हुई इस घटना में लगभग डेढ़ एकड़ में खड़ी गेहूं की फसल जलकर राख हो गई, जिससे किसानों को लाखों रुपये का नुकसान हुआ।
पीड़ित किसानों रामजी कुशवाहा, छंगा कुशवाहा और मनोज कुशवाहा ने पड़ोसी ओमप्रकाश तोमर और उनके साथियों पर आग लगने का आरोप लगाया। पुलिस को दी गई शिकायत में बताया गया कि रविवार रात ओमप्रकाश अपने दोस्तों के साथ खेत में मुर्गा पार्टी कर रहा था। पार्टी के लिए जलाए गए चूल्हे की चिंगारी तेज हवा के कारण सूखे गेहूं के खेत में जा गिरी, जिससे सोमवार सुबह आग विकराल रूप ले गई।
किसानों का कहना है कि आरोपी अक्सर खेत में ऐसी पार्टियां करते हैं और उन्हें पहले भी कई बार समझाया गया था, लेकिन उन्होंने लापरवाही जारी रखी। कटाई के इस सीजन में फसल बर्बाद होने से तीनों परिवारों के सामने गंभीर आर्थिक संकट खड़ा हो गया है।
बड़वारा थाना पुलिस ने किसानों की शिकायत पर FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी के.के. पटेल ने बताया कि पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर लिया है और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल, पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है।
