![]()
सिवनी जिले के लखनादौन थाना क्षेत्र में सोमवार दोपहर एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। नेशनल हाईवे-34 पर बंजर गांव के पास फ्लाई ऐश (राख) से भरा एक डंपर अचानक अनियंत्रित होकर पलट गया। राहत की बात यह रही कि इस घटना में चालक और परिचालक दोनों सुरक्षित बच गए और किसी तरह की जनहानि नहीं हुई।
घटना सोमवार दोपहर करीब 12 बजे की बताई जा रही है। डंपर हाईवे-34 पर तेज रफ्तार से गुजर रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, जैसे ही वाहन बंजर गांव के पास पहुंचा, चालक नियंत्रण खो बैठा और डंपर सड़क किनारे पलट गया। तेज आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण और राहगीर तुरंत मौके पर पहुंच गए।
हादसे के बाद कुछ देर के लिए मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। शुरुआत में चालक और परिचालक के घायल होने की आशंका जताई जा रही थी, लेकिन दोनों सुरक्षित बाहर निकल आए। चालक की पहचान सुखदेव मर्सकोले (38) और परिचालक अमन यादव (29) के रूप में हुई है। स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत कार्य में मदद की।
सूचना मिलते ही लखनादौन पुलिस मौके पर पहुंची और यातायात को नियंत्रित किया। डंपर के पलटने से हाईवे पर कुछ समय के लिए जाम की स्थिति बन गई थी। बाद में क्रेन की मदद से वाहन को हटाया गया और यातायात सामान्य किया गया।
थाना प्रभारी केपी धुर्वे के अनुसार, पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है। गनीमत रही कि उस समय आसपास कोई अन्य वाहन या राहगीर मौजूद नहीं था, वरना हादसा गंभीर हो सकता था।
