![]()
सिंगरौली जिले के बैढ़न थाना क्षेत्र में मोबाइल छिनैती की घटना का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। इस मामले में तीन आरोपियों को पकड़ा गया है और महिला से छीना गया मोबाइल भी बरामद कर लिया गया है। पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है।
जानकारी के मुताबिक, रविवार को बिलौजी स्थित अटल बिहारी सामुदायिक भवन के पास एक महिला से बाइक सवार तीन युवकों ने मोबाइल छीन लिया था और मौके से भाग गए थे। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया था। हालांकि, स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए दो आरोपियों को पकड़ लिया और उन्हें घसीटते हुए पुलिस के हवाले कर दिया था।
एक आरोपी मौके से फरार हो गया था, जिसकी तलाश में पुलिस ने तुरंत कार्रवाई शुरू की। टीम ने जल्द ही तीसरे आरोपी को भी पकड़ लिया। पुलिस ने आरोपियों के पास से छीना गया मोबाइल और वारदात में इस्तेमाल की गई बाइक जब्त कर ली है।
प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। पुलिस के अनुसार, घटना के दौरान भागते समय एक आरोपी का एक्सीडेंट हो गया था, जिससे उसका पैर टूट गया। उसे नोटिस देकर छोड़ा गया है, जबकि अन्य दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा रहा है।
थाना प्रभारी अशोक सिंह परिहार ने बताया कि महिला की शिकायत मिलते ही मामला दर्ज कर त्वरित कार्रवाई की गई। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में अपराधों को रोकने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है और ऐसे मामलों में सख्त कदम उठाए जाएंगे।
