![]()
रीवा जिले के मनगवां क्षेत्र में रसोई गैस को लेकर लोगों की परेशानी लगातार बढ़ती जा रही है। पिछले तीन दिनों से हालात ऐसे बने हुए हैं कि लोगों को सिलेंडर लेने के लिए घंटों लंबी लाइनों में खड़ा रहना पड़ रहा है। सोमवार को भी यही स्थिति देखने को मिली, जहां बड़ी संख्या में महिलाएं, बुजुर्ग और पुरुष सुबह से ही एजेंसियों के बाहर अपनी बारी का इंतजार करते नजर आए।
कई उपभोक्ताओं का कहना है कि घंटों इंतजार करने के बावजूद उन्हें गैस सिलेंडर नहीं मिल पा रहा और खाली हाथ घर लौटना पड़ रहा है। इससे घरों का कामकाज प्रभावित हो रहा है। ग्रामीणों के मुताबिक, पिछले कुछ दिनों से गैस की सप्लाई ठीक से नहीं हो रही है, जिससे लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। कई परिवारों में खाना बनाने के लिए अब लकड़ी और पारंपरिक तरीकों का सहारा लेना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द इस समस्या का समाधान किया जाए, ताकि उन्हें राहत मिल सके। लोगों का कहना है कि रोजमर्रा की जरूरतों के लिए गैस बेहद जरूरी है और इस तरह की परेशानी से उनका जीवन प्रभावित हो रहा है।
वहीं, प्रशासन का कहना है कि गैस सिलेंडरों की कोई कमी नहीं है। अधिकारियों के अनुसार, पर्याप्त स्टॉक मौजूद है और नियमित रूप से सप्लाई भी की जा रही है। उनका कहना है कि एक साथ ज्यादा लोगों के पहुंचने से अस्थायी रूप से भीड़ की स्थिति बन रही है।
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे घबराएं नहीं और तय समय पर ही गैस लेने पहुंचें। साथ ही यह भी स्पष्ट किया गया है कि अंतरराष्ट्रीय घटनाओं का स्थानीय गैस सप्लाई पर कोई असर नहीं पड़ा है।
