![]()
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 132वें एपिसोड को रविवार को धार जिले में बड़े स्तर पर सामूहिक रूप से सुना गया। भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं ने जिले के सभी 18 मंडलों और कई बूथों पर इस कार्यक्रम का प्रसारण एक साथ सुना।
इस दौरान प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में देशवासियों से मौजूदा वैश्विक परिस्थितियों के बीच सतर्क, एकजुट और जिम्मेदार बने रहने का आग्रह किया। उन्होंने खास तौर पर लोगों से अफवाहों से दूर रहने और केवल अधिकृत एवं विश्वसनीय स्रोतों से प्राप्त जानकारी पर ही भरोसा करने की सलाह दी।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि चुनौतियों के इस समय में देश के 140 करोड़ नागरिकों की एकता ही भारत की सबसे बड़ी शक्ति है। उन्होंने जनभागीदारी, नवाचार, स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण जैसे विषयों पर निरंतर प्रयास जारी रखने का भी आह्वान किया।
धार नगर के विक्रम ज्ञान मंदिर सभाकक्ष, लाल बाग में केंद्रीय राज्यमंत्री एवं सांसद सावित्री ठाकुर और विधायक नीना वर्मा ने आजीविका मिशन से जुड़ी महिलाओं, आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं के साथ इस कार्यक्रम को सुना। इस अवसर पर सावित्री ठाकुर ने कहा कि प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में वैश्विक संकट, ऊर्जा से जुड़ी चुनौतियों और राष्ट्रीय एकता पर विशेष जोर देते हुए नागरिकों से संयम और सहयोग बनाए रखने की अपील की है।
वहीं, पीथमपुर के बूथ क्रमांक 322 पर भाजपा जिलाध्यक्ष निलेश भारती, नारायण पटेल सहित अन्य कार्यकर्ताओं ने भी कार्यक्रम का श्रवण किया। इसके अलावा, बदनावर विधानसभा क्षेत्र के बखतगढ़ मंडल के भैंसोला गांव में पूर्व मंत्री राजवर्धन सिंह दत्तीगांव की उपस्थिति में कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक कार्यक्रम सुना।
भाजपा जिला मीडिया प्रभारी संजय शर्मा के अनुसार, जिले के अधिकांश बूथों पर कार्यकर्ताओं ने ‘मन की बात’ कार्यक्रम को रुचि और उत्साह के साथ सुना, जिससे समाज में जागरूकता और सकारात्मक ऊर्जा का वातावरण बना।