![]()
विदिशा में विधायक मुकेश टंडन ने गुरुवार को दिव्यांग छात्रा लक्ष्मी शाक्य को उच्च शिक्षा में मदद के लिए लैपटॉप भेंट किया। विधायक स्वयं लक्ष्मी के घर पहुंचे और यह उपहार सौंपा। यह लैपटॉप लक्ष्मी की पढ़ाई और करियर को नई दिशा देने में सहायक होगा।
लक्ष्मी शाक्य ने बताया कि उनका विधायक से पुराना संबंध है। उन्होंने स्मरण किया कि जब टंडन नगर पालिका अध्यक्ष थे, तब उनकी संगीत प्रतिभा को देखते हुए उन्हें हारमोनियम उपलब्ध कराया गया था। इससे उन्हें अपनी कला को निखारने का अवसर मिला। लक्ष्मी वर्तमान में एमए प्रथम वर्ष की छात्रा हैं। कॉलेज में कंप्यूटर शिक्षा के महत्व को समझते हुए उन्होंने लैपटॉप की आवश्यकता महसूस की थी। कुछ समय पहले उन्होंने विधायक से मदद मांगी, जिसके बाद उन्हें यह सुविधा मिली।
प्रशासनिक सेवा की तैयारी
लक्ष्मी ने बताया कि उनका प्रारंभिक सपना शिक्षक बनने का था, लेकिन अब वह एमपीपीएससी की तैयारी कर प्रशासनिक सेवा में जाने का लक्ष्य रखती हैं। उन्होंने कहा, “हारमोनियम से मेरी कला को पहचान मिली और अब लैपटॉप से मेरे सपनों को उड़ान मिलेगी। यह सिर्फ एक साधन नहीं, बल्कि मेरे उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव है। लक्ष्मी अपने पांच भाइयों और दो बहनों में सबसे छोटी हैं। परिवार के अन्य भाई-बहनों की शादी हो चुकी है, और पढ़ाई में वह हमेशा आगे रही हैं।
विधायक का संदेश
इस अवसर पर विधायक मुकेश टंडन ने कहा कि समाज के हर वर्ग, विशेषकर बेटियों और दिव्यांगजनों को आगे बढ़ाने के लिए सामूहिक प्रयास आवश्यक हैं। उन्होंने जोर दिया, “बेटियों की शिक्षा ही सशक्त समाज की आधारशिला है। विधायक ने भविष्य में ऐसे जरूरतमंद विद्यार्थियों की मदद जारी रखने का आश्वासन भी दिया।
