रीवा के सेमरिया क्षेत्र में खरीदी केंद्रों के बंद होने से नाराज किसानों ने गुरुवार को सड़क पर विरोध प्रदर्शन किया। किसानों ने रीवा–सेमरिया (बनकुइया) मार्ग और दड़िया–बड़ा मार्ग पर ट्रैक्टर खड़ा कर यातायात पूरी तरह रोक दिया। धरने के दौरान सड़क के बीच टेंट भी लगाया गया।

किसानों का कहना है कि जांच के बाद भी कल्पना वेयरहाउस और तिघरा खरीदी केंद्र शुरू नहीं किए गए, जिससे धान लेकर आए किसानों को परेशानी का सामना करना पड़ा। कई किसान लंबे समय से केंद्र खुलने का इंतजार कर रहे थे, लेकिन सुनवाई नहीं होने पर उन्होंने चक्का जाम का रास्ता अपनाया। प्रदर्शन के दौरान प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी भी की गई।
उन्होंने यह भी बताया कि जिले भर के कई खरीदी केंद्रों में इसी तरह की समस्याएं हैं। कहीं केंद्र समय पर नहीं खुल रहे हैं, तो कहीं बारदाना, तौल मशीन और कर्मचारियों की कमी के कारण खरीदी प्रभावित हो रही है। कई स्थानों पर किसानों को रातभर ट्रैक्टर-ट्रॉलियों में इंतजार करना पड़ रहा है, जिससे ठंड और असुविधा के बीच धान की गुणवत्ता पर भी असर पड़ रहा है।

सूचना मिलने पर प्रशासन और पुलिस के अधिकारी मौके पर पहुंचे और किसानों से बातचीत की। एडीएम रीवा ने किसानों को आश्वासन दिया कि सोमवार से कल्पना वेयरहाउस और तिघरा खरीदी केंद्र सुचारू रूप से काम करेंगे। साथ ही जिले के अन्य खरीदी केंद्रों की व्यवस्थाओं को भी जल्द दुरुस्त करने का भरोसा दिया।
प्रशासनिक आश्वासन के बाद किसानों ने कुछ देर बाद जाम हटाने पर सहमति जताई। हालांकि उन्होंने चेतावनी दी कि यदि तय समय पर खरीदी केंद्र शुरू नहीं हुए और जिलेभर की समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन और तेज किया जाएगा। फिलहाल स्थिति सामान्य है, लेकिन जिलेभर के किसान अभी भी खरीदी व्यवस्था को लेकर परेशान हैं।












Leave a Reply