![]()
छतरपुर जिले के सिविल लाइन थाना क्षेत्र के ग्राम कर्री में जमीनी विवाद को लेकर हिंसक झड़प का मामला सामने आया है। इस दौरान एक व्यक्ति ने घर में घुसकर पत्थर से हमला किया, जिसके बाद घर की महिलाओं ने आरोपी को पकड़कर उसकी पिटाई कर दी। इस घटना का एक वीडियो भी सामने आया है।
घटना रविवार की बताई जा रही है, जब रोहित पटेल ने दीपक तिवारी के घर में घुसकर उन पर पत्थर से हमला कर दिया। इस हमले में दीपक तिवारी गंभीर रूप से घायल हो गए।
हमले के बाद दीपक तिवारी के परिजनों और घर की महिलाओं ने आरोपी रोहित पटेल को मौके पर ही घेर लिया और उसकी पिटाई कर दी। वायरल वीडियो में महिलाएं आरोपी को पकड़कर मारपीट करती और दोनों पक्षों के बीच बहस होती दिखाई दे रही हैं।
बताया जा रहा है कि इस विवाद की जड़ खेती की जमीन पर कब्जे और बटाई से जुड़ी है। जानकारी के अनुसार, संबंधित जमीन पहले अग्रवाल परिवार ने रोहित पटेल को बटाई पर दी थी, लेकिन इस बार वही जमीन दीपक तिवारी को दे दी गई, जिससे नाराज होकर रोहित पटेल विवाद करने दीपक तिवारी के घर पहुंचा।
सिविल लाइन थाना पुलिस ने मामले का संज्ञान लेते हुए कार्रवाई शुरू कर दी है। थाना प्रभारी सतीश सिंह के अनुसार, फरियादी दीपक तिवारी की शिकायत पर रविवार को आरोपी रोहित पटेल के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने बताया कि पूरे मामले की जांच की जा रही है और वायरल वीडियो के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।












Leave a Reply