![]()
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के 24 मार्च को भांडेर में प्रस्तावित किसान सम्मेलन और नरवाई-पराली प्रबंधन कार्यक्रम को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। रविवार को कलेक्टर स्वप्निल वानखड़े और पुलिस अधीक्षक सूरज कुमार वर्मा ने भांडेर पहुंचकर कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया और तैयारियों की समीक्षा की।
अधिकारियों ने सबसे पहले हेलीपैड का निरीक्षण किया और संबंधित व्यवस्थाओं को तय समयसीमा के भीतर पूरा करने के निर्देश दिए। इसके बाद उन्होंने कार्यक्रम स्थल तक पहुंचने वाले मार्गों की स्थिति, साफ-सफाई और यातायात व्यवस्था का जायजा लिया तथा आवश्यक सुधार तुरंत करने के निर्देश दिए।
मंडी प्रांगण में बनाए जाने वाले मुख्य मंच और स्टॉल क्षेत्र का भी विस्तृत निरीक्षण किया गया। इस दौरान अधिकारियों ने बैठक कर मंच व्यवस्था, पार्किंग, पेयजल, चिकित्सा, बिजली, ग्रीन रूम और सांस्कृतिक कार्यक्रमों सहित सभी व्यवस्थाओं की विभागवार जिम्मेदारियां तय कीं। साथ ही सेक्टर अधिकारियों की ड्यूटी निर्धारित करते हुए समन्वय पर विशेष जोर दिया गया।
कलेक्टर स्वप्निल वानखड़े और एसपी सूरज कुमार वर्मा ने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी तैयारियां समय पर पूरी हों और कार्यक्रम के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था न हो। उन्होंने अधिकारियों को मौके पर उपस्थित रहकर व्यवस्थाओं की निगरानी करने के लिए कहा, ताकि मुख्यमंत्री के दौरे को सुव्यवस्थित और सफल बनाया जा सके।












Leave a Reply