Son and Daughter-in-law Assault Elderly Parents in Chhatarpur; Victims Hospitalized After Brutal Attack|छतरपुर में बेटे-बहू ने सास-ससुर को डंडों से पीटा, अस्पताल में भर्ती; महिला बोली- हमें अधमरा कर दिया

छतरपुर जिले के सिविल लाइन थाना क्षेत्र में पारिवारिक विवाद के चलते एक गंभीर घटना सामने आई, जहां बहू और बेटे ने मिलकर अपने ही माता-पिता पर हमला कर दिया। इस मारपीट में 60 वर्षीय आशा वाल्मीकि और उनके पति गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

घायल आशा वाल्मीकि ने आरोप लगाया कि उनके बेटे ने कुछ साल पहले प्रेम विवाह किया था। शादी के बाद से ही बहू का व्यवहार परिवार के प्रति ठीक नहीं रहा। आशा के अनुसार, बहू दहेज में कुछ भी लेकर नहीं आई थी, लेकिन अब वह घर और संपत्ति में हिस्सा मांग रही है।

महिला ने बताया कि उनके पति बीमार रहते हैं, जिसके कारण वह खुद मेहनत कर घर का खर्च चलाती हैं। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि बहू घर के काम में सहयोग नहीं करती और अक्सर विवाद करती रहती है। बीती रात यह विवाद बढ़ गया, जिसके बाद बहू ने अपने पति के साथ मिलकर सास-ससुर पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया।

इस हमले में आशा वाल्मीकि के सिर, आंख, हाथ-पैर सहित शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं, जबकि उनके पति का हाथ टूट गया है। घटना के बाद दोनों घायलों को तुरंत जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।

फिलहाल पीड़िता ने पुलिस में औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई है, लेकिन उन्होंने बेटे और बहू के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने की बात कही है। पुलिस का कहना है कि पारिवारिक मामलों में अक्सर लोग शिकायत दर्ज कराने से बचते हैं, हालांकि शिकायत मिलने पर मामले की जांच कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *