![]()
पन्ना टाइगर रिजर्व (PTR) से विस्थापित मरहा गांव के 25 वर्षीय युवक अरविंद आदिवासी की सड़क हादसे में मौत हो गई। यह घटना शनिवार, 21 मार्च को उस समय हुई जब वह अपनी पत्नी और बच्चों को लेने ससुराल जा रहा था।
जानकारी के अनुसार, अरविंद बाइक से ससुराल ‘बरहे’ जा रहा था। रास्ते में रक्सेहा के पास अचानक एक कुत्ता उसकी बाइक के सामने आ गया। कुत्ते को बचाने के प्रयास में बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गहरी खाई में गिर गई। इस हादसे में अरविंद के सिर पर गंभीर चोटें आईं।
घटना के बाद डायल 112 की मदद से घायल अरविंद को पन्ना जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसे रीवा मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। परिजन बेहतर इलाज के लिए उसे ग्वालियर ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। रविवार, 22 मार्च को पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया।
मृतक के पिता लाले आदिवासी के अनुसार, पन्ना टाइगर रिजर्व से विस्थापन के बदले अरविंद को 12.50 लाख रुपये का मुआवजा मिला था। परिवार के अनुसार, इतनी बड़ी राशि मिलने के बाद उसे शराब की लत लग गई थी और ससुराल जाने से पहले भी उसने शराब पी रखी थी।
यह हादसा अरविंद के परिवार के लिए गहरा सदमा लेकर आया है। वह पेशे से मजदूर था और अपने पीछे पत्नी तथा तीन छोटे बच्चों—5 वर्षीय महेश, 4 वर्षीय राशि और 2 वर्षीय साक्षी—को छोड़ गया है।












Leave a Reply