MP Attends Martyrdom Day of Rani Avanti Bai in Dindori, Complaint Raised Over Poor Museum Construction|डिंडौरी में रानी अवंतीबाई के बलिदान दिवस पर कार्यक्रम, संग्रहालय निर्माण की गुणवत्ता पर उठे सवाल


मध्य प्रदेश के डिंडौरी जिले के बालपुर में शुक्रवार को वीरांगना रानी अवंती बाई के बलिदान दिवस पर जिला प्रशासन द्वारा कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री मोहन यादव वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से कार्यक्रम से जुड़े और रानी के वंशजों का सम्मान किया गया। कार्यक्रम में सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते और शहपुरा विधायक ओमप्रकाश धुर्वे भी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के दौरान सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते ने अपने संबोधन में रानी अवंती बाई, लक्ष्मीबाई और रानी दुर्गावती जैसी वीरांगनाओं के योगदान को स्मरण किया। उन्होंने कहा कि इन महान हस्तियों के बलिदान के कारण ही आज देश में लोकतंत्र स्थापित है और हम स्वतंत्र रूप से जीवन जी पा रहे हैं। साथ ही उन्होंने सरदार वल्लभभाई पटेल और बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर के योगदान का भी उल्लेख किया।

वहीं शहपुरा विधायक ओमप्रकाश धुर्वे ने रानी अवंती बाई की कर्मस्थली रामगढ़ की उपेक्षा को लेकर नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने कहा कि केवल साल में एक बार कार्यक्रम आयोजित करने से स्थिति नहीं सुधरेगी, जबकि बाकी समय इन ऐतिहासिक स्थलों की अनदेखी की जाती है। उन्होंने अधिकारियों से रामगढ़ क्षेत्र के सौंदर्यीकरण और वहां नियमित कार्यक्रम आयोजित करने की मांग की। इसके साथ ही उन्होंने बताया कि वहां की लगभग 30 एकड़ भूमि पर अतिक्रमण किया गया है, जिसे हटाकर उस संसाधन का उपयोग विकास कार्यों में किया जाना चाहिए।

कार्यक्रम के दौरान एक अन्य महत्वपूर्ण मुद्दा संग्रहालय भवन को लेकर सामने आया। करीब एक करोड़ रुपये की लागत से बने इस भवन का लोकार्पण नहीं किया गया। जिला पंचायत अध्यक्ष और भाजपा जिला अध्यक्ष ने कलेक्टर से पर्यटन विभाग द्वारा कराए गए निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर सवाल उठाते हुए शिकायत दर्ज कराई।

इस पर सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते ने आश्वासन दिया कि निर्माण कार्य की गुणवत्ता के साथ कोई समझौता नहीं किया जाएगा। वहीं कलेक्टर अंजू पवन भदौरिया ने स्पष्ट किया कि जब तक निर्माण कार्य पूरी तरह संतोषजनक नहीं हो जाता, तब तक भवन को हैंडओवर नहीं लिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *