
विक्रमोत्सव-2026 के तहत ‘कोटि सूर्योपासना कार्यक्रम’ का आयोजन गुरुवार को अनूपपुर स्थित एकलव्य रेसिडेंशियल स्कूल ऑडिटोरियम में किया गया। इस कार्यक्रम का शुभारंभ कुटीर एवं ग्रामोद्योग राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दिलीप जायसवाल और कलेक्टर हर्षल पंचोली द्वारा किया गया।
इस अवसर पर राज्य मंत्री दिलीप जायसवाल ने चैत्र नवरात्रि, गुड़ी पड़वा और हिंदू नववर्ष की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में राज्य सरकार ने विकास कार्यों के साथ-साथ तीज-त्योहारों को भी पूरे उत्साह के साथ मनाने का निर्णय लिया है।
जायसवाल ने विक्रम पंचांग को वैज्ञानिक पद्धति पर आधारित दुनिया का सबसे बेहतर कैलेंडर बताते हुए कहा कि इसके माध्यम से खगोलीय घटनाओं की सटीक जानकारी प्राप्त होती है। उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि वर्तमान प्रदेश सरकार सनातन संस्कृति के संरक्षण के साथ ‘विरासत से विकास’ के सिद्धांत पर कार्य कर रही है।
कलेक्टर हर्षल पंचोली ने जानकारी देते हुए बताया कि संस्कृति विभाग के माध्यम से आयोजित इस उत्सव का मुख्य उद्देश्य हिंदू रीति-रिवाजों को बढ़ावा देना और समाज में चेतना जागृत करना है। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों से नए वित्तीय वर्ष में नई ऊर्जा के साथ कार्य करने का आह्वान किया। साथ ही उन्होंने युवाओं को अपने करियर के प्रति सजग रहने, लक्ष्य निर्धारित करने और उन्हें प्राप्त करने के लिए निरंतर प्रयास करने की सलाह दी।
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न कलाकारों और विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। रीवा की अमरवाणी नाट्य समिति ने सम्राट विक्रमादित्य के जीवन पर आधारित एक प्रभावशाली नाटक प्रस्तुत किया। इसके अतिरिक्त, एकलव्य रेसिडेंशियल स्कूल के छात्रों ने सांस्कृतिक गीतों और नृत्यों के माध्यम से भारतीय संस्कृति की सुंदर झलक प्रस्तुत की।
Leave a Reply