![]()
दमोह जिला अस्पताल में बंदी की सुरक्षा में तैनात एक जेल प्रहरी के साथ एक बदमाश द्वारा की गई झूमाझटकी का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। यह घटना बुधवार रात करीब दो बजे की बताई जा रही है, जिसके बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
वायरल वीडियो में एक बदमाश जेल प्रहरी के साथ झूमाझटकी करता नजर आ रहा है और उसकी वर्दी फाड़ने का प्रयास करता दिखाई दे रहा है। एक अन्य वीडियो में वही बदमाश प्रहरी को गालियां देते हुए अपना नाम जहीर खान बताकर जान से मारने की धमकी देता हुआ दिख रहा है।
वीडियो सामने आने के बाद कोतवाली पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और पीड़ित जेल प्रहरी को कोतवाली बुलाया गया है। घटना के बाद ही पुलिस ने आरोपी को रात में हिरासत में ले लिया था।
जेल के उप अधीक्षक एमएल पटेल के अनुसार, एक बंदी की तबीयत खराब होने पर उसे बुधवार को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उसी दौरान रात 10 बजे से 2 बजे तक प्रहरी छोटेलाल अहिरवार की ड्यूटी लगी थी। इसी बीच बदमाश ने उसके साथ झूमाझटकी करते हुए मारने का प्रयास किया। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया था।
प्रहरी ने अपनी ड्यूटी समाप्त होने के बाद गुरुवार सुबह पूरी घटना की जानकारी उप अधीक्षक को दी। हालांकि, इस मामले में अस्पताल प्रबंधन की ओर से कोई कार्रवाई नहीं की गई है।
प्रहरी के अनुसार, ड्यूटी खत्म होने के बाद जब वह साइकिल स्टैंड से अपनी बाइक लेने गया, तभी दो बदमाशों ने उसे घेर लिया। इनमें से एक बदमाश पहले जेल में बंद रह चुका है। जैसे ही उसने प्रहरी को देखा, वह आक्रोशित हो गया और उसके साथ हाथापाई करने लगा।
जेल उप अधीक्षक एमएल पटेल ने इस घटना की जानकारी कोतवाली थाना प्रभारी को भी दी है, जिसके बाद प्रहरी को रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए भेजा जा रहा है।
कोतवाली टीआई मनीष कुमार ने बताया कि इस संबंध में उप अधीक्षक से बातचीत हो चुकी है और प्रहरी को एफआईआर दर्ज कराने के लिए बुलाया गया है। उन्होंने यह भी बताया कि आरोपी को घटना की रात ही हिरासत में ले लिया गया था और मामला दर्ज होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।












Leave a Reply