पुलिस के अनुसार, मंगलवार रात 3 बजे मीनाक्षी चौक पर गुजरात पासिंग नंबर GJ-18BF-7820 वाली टवेरा गाड़ी संदिग्ध हालत में खड़ी थी। गाड़ी में तीन युवक बैठे थे। एसआई महेश जाट, आरक्षक अजय मदकोरिया और सतीश ने उन्हें रोका और पूछताछ की। ड्राइविंग सीट पर बैठे विनोद कीर से इतने देर रात वहां खड़े होने का कारण और नाम-पता पूछा गया, जिससे तीनों युवक घबरा गए।
तलाशी के दौरान पुलिस को गाड़ी के पीछे 6 पेटी अवैध शराब मिली, जिसमें 24 केन बियर और देशी शराब शामिल थी। आरोपियों ने शराब से संबंधित कोई भी दस्तावेज पेश नहीं किया।
पुलिस ने मौके से कुल 75 लीटर अवैध शराब जब्त की, जिसकी अनुमानित कीमत 27 हजार रुपए है। साथ ही शराब परिवहन में इस्तेमाल की जा रही 3 लाख रुपए कीमत की टवेरा गाड़ी भी जब्त कर ली गई। सूत्रों के मुताबिक, यह शराब सांगाखेड़ा क्षेत्र से अवैध रूप से बिक्री के लिए लाई गई थी।
आरोपियों में पुरानी पापन निवासी विनोद पिता लखनलाल कीर (28) और दीपक सिंह कीर (25), तथा नई पापन (थाना शिवपुर) निवासी सुभाष पिता रमेश कीर (26) शामिल हैं। तीनों को थाने लाकर उनके खिलाफ आबकारी एक्ट की धारा 34(2) के तहत कार्रवाई की गई।
एसआई महेश जाट ने जानकारी देते हुए कहा, “गाड़ी से 6 पेटी शराब मिली है, जिसकी कीमत 27 हजार रुपए है। शराब कहां से लाई गई, इसके बारे में आरोपी स्पष्ट नहीं बता रहे। तीनों आरोपियों को कोर्ट में पेश किया जाएगा।”
Leave a Reply