![]()
राजधानी में धमकी भरे ई-मेल मिलने की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। इसी क्रम में एमपी नगर स्थित नापतौल विभाग के कार्यालय को एक बार फिर बम से उड़ाने की धमकी दी गई। प्राप्त ई-मेल में यह दावा किया गया कि कार्यालय परिसर में ड्रोन के माध्यम से चार छोटे आरडीएक्स बम लगाए गए हैं, जो मंगलवार दोपहर 2 बजे विस्फोट करेंगे। साथ ही मेल में यह भी लिखा गया था कि सभी कर्मचारियों को तुरंत भवन से बाहर निकाल लिया जाए।
सूचना मिलते ही एमपी नगर पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और एहतियातन पूरे कार्यालय को खाली कराया गया। इसके बाद पुलिस टीम ने कार्यालय परिसर में सघन तलाशी अभियान चलाया।
एमपी नगर थाना प्रभारी जय हिंद शर्मा के अनुसार, ई-मेल की सूचना के बाद पुलिस ने पूरे कार्यालय की गहन जांच की, लेकिन मौके से किसी भी प्रकार की संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक सामग्री नहीं मिली।
पुलिस के अनुसार, एक दिन पहले भी इसी तरह का एक ई-मेल कार्यालय को प्राप्त हुआ था, जिसमें पुलिस की तलाशी प्रक्रिया की जांच करने जैसी बात लिखी गई थी। फिलहाल पुलिस इस मामले को गंभीरता से लेते हुए ई-मेल भेजने वाले की पहचान करने और उसके स्रोत का पता लगाने के लिए तकनीकी जांच में जुटी हुई है।












Leave a Reply