![]()
सिंगरौली जिले के वैढन स्थित मल्हार पार्क में सोमवार को राज्य शिक्षक संघ के बैनर तले सैकड़ों शिक्षकों की बैठक आयोजित की गई। यह बैठक प्रांताध्यक्ष के निर्देश पर प्रदेशभर में चल रही बैठकों की श्रृंखला के अंतर्गत आयोजित की गई थी।
बैठक के दौरान शिक्षकों ने टीईटी परीक्षा को अनिवार्य किए जाने से जुड़े सुप्रीम कोर्ट के हालिया आदेश पर नाराजगी व्यक्त की और इसमें संशोधन की मांग उठाई। शिक्षकों का कहना है कि वे वर्ष 1998 से शासन के निर्देशों के तहत लगातार शिक्षा सेवा में कार्य कर रहे हैं, इसलिए लंबे समय से कार्यरत शिक्षकों के लिए अब टीईटी परीक्षा पास करना अनिवार्य बनाना उनके साथ अन्याय है।
शिक्षकों के अनुसार कई शिक्षक ऐसे हैं जिनकी आयु 25 से 50 वर्ष के बीच है और वे वर्षों से स्कूलों में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। इसके बावजूद नए आदेश के चलते उनसे दोबारा परीक्षा देकर अपनी योग्यता सिद्ध करने को कहा जा रहा है, जिसे शिक्षकों ने अनुचित बताया।
बैठक में मौजूद शिक्षकों ने सर्वसम्मति से मांग की कि इस आदेश में संशोधन किया जाए और प्रदेश सरकार शिक्षकों के हित में सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर करे।
राज्य शिक्षक संघ जिला इकाई सिंगरौली के अध्यक्ष सुमारु प्रसाद कुशवाहा ने बैठक की अध्यक्षता की। उन्होंने कहा कि जो शिक्षक लंबे समय से सेवा दे रहे हैं, उन्हें फिर से टीईटी परीक्षा देने के लिए बाध्य करना उचित नहीं है। सरकार को इस विषय पर गंभीरता से विचार करते हुए शिक्षकों को राहत देने के लिए आवश्यक कदम उठाने चाहिए।












Leave a Reply