![]()
मऊगंज जिला प्रशासन ने सरकारी राशन दुकानों में अनियमितता पाए जाने के बाद दो विक्रेताओं के खिलाफ सख्त कार्रवाई की है। जांच में अनाज और अन्य सामग्री के स्टॉक में कमी मिलने पर दोनों दुकानों के सेल्समैनों के खिलाफ पुलिस में मामला दर्ज कराया गया है। साथ ही उनसे लाखों रुपए की वसूली की प्रक्रिया भी शुरू की गई है।
जिला खाद्य अधिकारी अनिल गुप्ता के अनुसार मऊगंज ब्लॉक की ‘लौर’ और ‘पटपरा’ राशन दुकानों की जांच के दौरान गंभीर गड़बड़ियां सामने आईं।
लौर राशन दुकान
जांच के दौरान पीओएस मशीन में दर्ज आंकड़ों के मुकाबले गोदाम में सामान काफी कम पाया गया। गेहूं, चावल और नमक सहित कई आवश्यक वस्तुओं की बड़ी मात्रा में कमी मिली। इस मामले में दुकान के सेल्समैन लोकेश सिंह के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। उनसे 9 लाख 20 हजार 660 रुपए की वसूली प्रस्तावित की गई है।
पटपरा राशन दुकान
पटपरा की दुकान की जांच में भी अनाज और अन्य सामग्री की कमी पाई गई। यहां गेहूं, चावल, शक्कर और बच्चों के लिए मिलने वाले राशन (आईसीडीएस और एमडीएम) में भी बड़ी कमी सामने आई। इस मामले में सेल्समैन अमर बहादुर सिंह के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत एफआईआर दर्ज की गई है। उनसे 9 लाख 90 हजार 257 रुपए की वसूली का प्रस्ताव रखा गया है।












Leave a Reply