![]()
मैहर जिले के मुकुंदपुर मार्ग पर लीलजी बांध क्षेत्र के पास एक पिकअप वाहन में क्षमता से कई गुना अधिक यात्रियों को भरकर ले जाने का मामला सामने आया है। इस घटना का एक वीडियो शनिवार दोपहर का बताया जा रहा है, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो सामने आने के बाद ताला थाना पुलिस चालक की पहचान करने में जुट गई है।
वायरल वीडियो में साफ दिखाई दे रहा है कि पिकअप वाहन के अंदर यात्रियों को अत्यधिक संख्या में बैठाया गया है। जगह कम पड़ने के कारण कई लोग वाहन के पीछे खतरनाक तरीके से लटककर सफर करते नजर आ रहे हैं। तेज रफ्तार से दौड़ते इस वाहन के साथ-साथ सड़क पर मौजूद ढलान और मोड़ जैसी परिस्थितियां किसी बड़े हादसे की आशंका को और बढ़ा देती हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि मुकुंदपुर और लीलजी बांध मार्ग पर इस तरह के ओवरलोड वाहन अक्सर चलते दिखाई देते हैं। आरोप है कि अधिक कमाई के लालच में पिकअप चालक यात्रियों को केवल वाहन के अंदर ही नहीं बल्कि छत और पीछे के पायदान तक पर बैठा लेते हैं। लोगों का यह भी कहना है कि प्रशासनिक निगरानी की कमी के कारण कई चालक बिना किसी डर के यातायात नियमों का उल्लंघन कर रहे हैं।
क्षेत्र के लोगों ने जिला प्रशासन और परिवहन विभाग से मांग की है कि इस मार्ग पर नियमित रूप से जांच अभियान चलाया जाए, ताकि ओवरलोड वाहनों पर नियंत्रण किया जा सके और यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।












Leave a Reply