![]()
मध्य प्रदेश के उज्जैन शहर में गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी और जमाखोरी की शिकायतों के बाद, कलेक्टर के निर्देश पर खाद्य विभाग की टीम ने गुरुवार को शहर के कई रेस्टोरेंट और भोजनालयों पर छापेमारी की। इस कार्रवाई के दौरान कुल 35 से अधिक घरेलू और कमर्शियल गैस सिलेंडर जब्त किए गए।
पिछले दो दिनों से शहर में गैस सिलेंडरों की जमाखोरी और घरेलू सिलेंडरों के व्यावसायिक उपयोग की शिकायतें मिल रही थीं। इसके बाद खाद्य आपूर्ति विभाग ने आठ अधिकारियों की दो अलग-अलग टीम बनाकर विभिन्न क्षेत्रों में छापेमारी की।
पहली टीम में सहायक खाद्य नियंत्रक संतोष सिमोलिया, फूड इंस्पेक्टर अंकिता जोशी, नागेश दाहिमा और भूषण गुज्जर शामिल थे। इस टीम ने आरटीओ कार्यालय के पास रंगीला कैफे से एक घरेलू सिलेंडर, फ्रीगंज में रेलिस फ्रायड अंडे वाले से 9 सिलेंडर, महाकाल भोजनालय से 1, जैन कचोरी फ्रीगंज से 2, नवरतन फ्यूजन से 2, ऋषि नगर के एक रेस्टोरेंट से 1 और फ्रीगंज के फाफड़ा विक्रेता से 8 सिलेंडर जब्त किए।
दूसरी टीम में सहायक खाद्य नियंत्रक चंद्रशेखर बारोड़, फूड इंस्पेक्टर समद खान और रश्मि खामबेटे शामिल थे। इस टीम ने हरी फाटक क्षेत्र में स्थित अन्नपूर्णा श्याम पवित्र भोजनालय और अन्य प्रतिष्ठानों से कुल 7 सिलेंडर जब्त किए।
खाद्य विभाग की टीम ने सभी संबंधित संचालकों को सख्त हिदायत दी कि वे व्यावसायिक कार्यों में घरेलू गैस सिलेंडरों का उपयोग न करें। इसके स्थान पर इलेक्ट्रिक इंडक्शन, पीएनजी या डीजल भट्टी का उपयोग करने की सलाह दी गई। विभाग ने चेतावनी दी है कि नियमों का उल्लंघन करने पर आगे भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी।












Leave a Reply