![]()
मध्य प्रदेश के मुरैना जिले में कैलारस थाना पुलिस ने बुधवार रात कार्रवाई करते हुए क्वारी बिलगांव के पास सड़क किनारे रखी एक लकड़ी की गुमठी से बड़ी मात्रा में अवैध शराब जब्त की। पुलिस ने यहां से करीब 1 लाख 2 हजार रुपये कीमत की देशी और अंग्रेजी शराब बरामद की है। इस मामले में एक आरोपी को भी मौके से गिरफ्तार किया गया है, जिससे पुलिस पूछताछ कर रही है।
पुलिस को मुखबिर के माध्यम से सूचना मिली थी कि क्वारी बिलगांव इलाके में सड़क किनारे बनी एक लकड़ी की गुमठी में अवैध शराब का भारी भंडारण किया गया है। इसी स्थान से आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में शराब की बिक्री भी की जा रही है। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने इसकी पुष्टि की और बुधवार रात मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की।
जब पुलिस टीम वहां पहुंची तो एक व्यक्ति गुमठी पर मौजूद मिला। इसके बाद पुलिस ने गुमठी की तलाशी ली, जहां से बड़ी मात्रा में अवैध देशी और अंग्रेजी शराब बरामद हुई। इसके बाद पुलिस ने मौके से आरोपी को हिरासत में ले लिया।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी की पहचान क्वारी बिलगांव निवासी अरविंद कुशवाह पुत्र दीवान सिंह कुशवाह के रूप में हुई है। अवैध शराब के इस मामले में पकड़े गए आरोपी के खिलाफ पहले से भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक अरविंद कुशवाह को इससे पहले भी अवैध शराब की तस्करी और बिक्री के आरोप में कई बार पकड़ा जा चुका है।












Leave a Reply