![]()
ग्वालियर में इलेक्ट्रिक वाहनों के उपयोग को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए पहला ई-व्हीकल चार्जिंग स्टेशन शुरू कर दिया गया है। यह स्टेशन पेट्रोल पंप की तर्ज पर संचालित होगा, जहां वाहन चालक अपने इलेक्ट्रिक वाहनों को ₹15 प्रति यूनिट की दर से चार्ज करा सकेंगे।
नगर निगम ग्वालियर द्वारा सिटी सेंटर क्षेत्र में तरुण पुष्कर के पास स्थापित इस चार्जिंग स्टेशन का उद्घाटन गुरुवार को महापौर शोभा सिकरवार ने किया। कार्यक्रम में नगर निगम आयुक्त संघप्रिय के साथ अन्य जनप्रतिनिधि और अधिकारी भी उपस्थित रहे।
नगर निगम की सहायक यंत्री (विद्युत) अभिलाषा बघेल ने बताया कि ई-वाहन मालिकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए यह चार्जिंग स्टेशन शुरू किया गया है। यहां पेट्रोल पंप की तरह चार्जिंग गन की सहायता से वाहनों को चार्ज किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि वाहन चार्ज होने के बाद मशीन में इस्तेमाल हुई यूनिट के अनुसार राशि दिखाई देगी। निर्धारित राशि का भुगतान करने के बाद वहां मौजूद कर्मचारी चार्जिंग गन को वाहन से हटा देगा।
इस स्टेशन की क्षमता 60 KVA है। इसके माध्यम से किसी बड़ी गाड़ी की बैटरी को लगभग 45 मिनट में करीब 80 प्रतिशत तक चार्ज किया जा सकेगा।
ग्वालियर शहर में ई-व्हीकल चार्जिंग स्टेशन स्थापित करने के लिए कुल 5 स्थानों का चयन किया गया था। फिलहाल तरुण पुष्कर, नगर निगम मुख्यालय के पास स्थित मल्टीलेवल पार्किंग सिटी सेंटर और मल्टीलेवल पार्किंग कंपू सहित 3 स्थानों पर ये चार्जिंग स्टेशन चालू हो चुके हैं। इन चार्जिंग स्टेशनों पर एक समय में दो गाड़ियों को चार्ज किया जा सकता है और लगभग 45 मिनट में दोनों वाहनों की चार्जिंग पूरी हो सकती है।












Leave a Reply