![]()
इंदौर के जूनी थाना क्षेत्र में बिना अनुमति वाहन रैली निकालने के मामले में पुलिस ने छात्र नेता आयुष भार्गव को गिरफ्तार किया है। यह रैली उस समय निकाली गई थी जब पंकज फतेहचंदानी का जन्मदिन मनाया जा रहा था, जो खुद को सांसद शंकर लालवानी का प्रतिनिधि बताते हैं।
पुलिस के अनुसार 7 मार्च को शहर में बड़ी संख्या में युवाओं की मौजूदगी में वाहन रैली निकाली गई थी। इस दौरान आयुष भार्गव कार की छत पर खड़े होकर स्टंट करते हुए दिखाई दिए। इस घटना का वीडियो बनाकर उनकी इंस्टाग्राम आईडी से सोशल मीडिया पर पोस्ट किया गया था। वीडियो सामने आने के बाद जूनी थाना पुलिस ने मामले को संज्ञान में लेकर कार्रवाई की।
पुलिस ने आयुष भार्गव के खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट और प्रतिबंधात्मक धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस की गिरफ्त में आने के बाद आयुष भार्गव के तेवर बदल गए और उन्होंने हाथ जोड़कर माफी मांग ली।
बताया गया कि इस वाहन रैली के कारण शहर में यातायात भी प्रभावित हुआ था। पुलिस ने उन्हें थाने लाकर कानूनी कार्रवाई की और कोर्ट का दंड भरवाने के बाद जमानती धाराओं के तहत थाने से ही जमानत दे दी।
माफी मांगते हुए आयुष भार्गव ने कहा कि उनके इंस्टाग्राम अकाउंट से एक वीडियो अपलोड किया गया था, जिसमें वह कार से स्टंट करते हुए दिखाई दे रहे हैं। उन्होंने स्वीकार किया कि इससे समाज में गलत संदेश गया है। उन्होंने समाज के सभी लोगों से माफी मांगते हुए कहा कि भविष्य में वह इस तरह की गलती दोबारा नहीं करेंगे।












Leave a Reply