Assistant Teacher Suspended in Chhatarpur Over Negligence; Action Proposed Against In-charge Principal|छतरपुर में लापरवाही पर सहायक शिक्षक निलंबित, प्रभारी प्राचार्य पर भी कार्रवाई प्रस्तावित


छतरपुर जिले में सरकारी स्कूलों के निरीक्षण के दौरान सामने आई लापरवाही और अव्यवस्थाओं के बाद जिला प्रशासन ने सख्त कार्रवाई की है। जिला शिक्षा अधिकारी ए.एस. पाण्डेय ने शासकीय प्राथमिक शाला चौकीपुरवा के प्रभारी प्रधानाध्यापक (मूल पद सहायक शिक्षक) धनीराम प्रजापति को निलंबित कर दिया है। वहीं शासकीय माध्यमिक शाला कलानी की प्रभारी प्रधानाध्यापक (मूल पद माध्यमिक शिक्षक) राखी भारती के खिलाफ भी निलंबन की कार्रवाई प्रस्तावित करते हुए संयुक्त संचालक लोक शिक्षण सागर को पत्र भेजा गया है।

यह कार्रवाई जिला पंचायत सीईओ नमः शिवाय अरजरिया द्वारा किए गए आकस्मिक निरीक्षण के बाद की गई। उन्होंने जिला शिक्षा अधिकारी, जनपद पंचायत सीईओ और जिला मिड-डे मील प्रभारी के साथ संयुक्त दल बनाकर चौकीपुरवा और कलानी स्कूलों का निरीक्षण किया था।

निरीक्षण के दौरान चौकीपुरवा प्राथमिक शाला में सभी छात्र अनुपस्थित मिले, जबकि प्रभारी प्रधानाध्यापक धनीराम प्रजापति अकेले मौजूद थे। पूछताछ में बताया गया कि बच्चों को मध्याह्न भोजन लेने के लिए गांव भेजा गया है, क्योंकि भोजन स्कूल में न बनकर गांव में तैयार होता है। अधिकारियों ने इसे बच्चों की सुरक्षा के प्रति गंभीर लापरवाही और शासन के नियमों का उल्लंघन माना। स्कूल परिसर में गंदगी और अन्य अव्यवस्थाएं भी पाई गईं।

वहीं माध्यमिक शाला कलानी में प्रभारी प्रधानाध्यापक राखी भारती ने बिना सक्षम अधिकारी के निर्देश के हाफ टाइम में ही विद्यार्थियों की छुट्टी कर दी थी। निरीक्षण के दौरान मध्याह्न भोजन का सैंपल भी उपलब्ध नहीं मिला। साथ ही उपस्थिति पंजी में अनुपस्थित विद्यार्थियों के स्थान पर बिंदी लगाकर उपस्थिति में हेरफेर के संकेत भी पाए गए।

इन सभी तथ्यों को गंभीरता से लेते हुए जिला प्रशासन ने संबंधित शिक्षकों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *