13 Buffaloes Seized in Action Against Animal Smuggling at Hirwah Tiraha in Singrauli|सिंगरौली के हिर्वाह तिराहा पर पशु तस्करी के खिलाफ कार्रवाई, 13 भैंसें जब्त


सिंगरौली जिले में पशु तस्करी के खिलाफ बैढ़न कोतवाली पुलिस ने कार्रवाई करते हुए हिर्वाह तिराहा क्षेत्र से 13 भैंसें बरामद की हैं। पुलिस ने इस दौरान दो पिकअप वाहनों को भी जब्त किया है, जबकि दोनों वाहनों के चालक पुलिस को देखकर मौके से फरार हो गए।

पुलिस के मुताबिक, उन्हें मुखबिर के माध्यम से सूचना मिली थी कि दो पिकअप वाहनों में अवैध रूप से भैंसों की तस्करी की जा रही है। सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम ने हिर्वाह तिराहा पर घेराबंदी कर वाहनों की जांच शुरू की।

जैसे ही पुलिस ने दोनों पिकअप वाहनों को रोकने की कोशिश की, वाहन चालक गाड़ी छोड़कर मौके से भाग निकले। इसके बाद पुलिस ने दोनों वाहनों की तलाशी ली, जिसमें कुल 13 भैंसें बरामद हुईं।

पुलिस ने सभी भैंसों को कब्जे में लेते हुए दोनों पिकअप वाहनों को भी जब्त कर लिया है। बरामद भैंसों की अनुमानित कीमत करीब 4 लाख 70 हजार रुपए बताई जा रही है, जबकि दोनों पिकअप वाहनों की कीमत 10 लाख रुपए से अधिक आंकी गई है।

बैढ़न कोतवाली थाना प्रभारी अशोक सिंह परिहार ने बताया कि इस मामले में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। उन्होंने बताया कि वाहन चालक पुलिस को देखकर मौके से फरार हो गए थे और फिलहाल उनकी तलाश की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *