School Students Caught Performing Car Stunts in Chhindwara’s Dussehra Ground; Vehicle with ‘Emergency Service’ Label Seized by Police|छिंदवाड़ा के दशहरा मैदान में स्कूली छात्रों ने किया कार स्टंट; ‘आपातकालीन सेवा’ लिखी कार पुलिस ने जब्त की

छिंदवाड़ा शहर में शनिवार को पुलिस ने दशहरा मैदान में कार स्टंट कर रहे कुछ स्कूली छात्रों पर कड़ी कार्रवाई की। स्थानीय लोगों की शिकायत पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची, वाहन जब्त किया और मोटर व्हीकल एक्ट के तहत मामला दर्ज किया। जांच में यह सामने आया कि वाहन चालक नाबालिग है।

जानकारी के अनुसार, शनिवार को कुछ युवक दशहरा मैदान के अंदर एक चौपहिया वाहन को तेज रफ्तार में घुमाते हुए धूल उड़ाते और खतरनाक तरीके से गाड़ी चला रहे थे। बताया गया कि कार में 4 से 5 छात्र स्कूल की वर्दी में सवार थे और बारी-बारी से ड्राइविंग सीट पर बैठकर ये जोखिम भरे स्टंट कर रहे थे।

मैदान में मौजूद लोगों ने छात्रों की इन खतरनाक हरकतों को देखकर तुरंत कोतवाली पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्टंट कर रहे वाहन को अपने कब्जे में ले लिया। जांच के दौरान यह पता चला कि जो छात्र वाहन चला रहा था वह नाबालिग है। उसे पुलिस ने थाने लाया।

कोतवाली निरीक्षक आशीष कुमार ने बताया कि जब्त की गई कार का नंबर MP 28 ZE 0215 है और उस पर ‘आपातकालीन सेवा’ लिखा हुआ था। पुलिस ने मोटर व्हीकल एक्ट के कड़े प्रावधानों के तहत वाहन पर जुर्माना लगाया और उसे थाने में खड़ा करवा दिया। पुलिस इस मामले की आगे भी जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *