Elderly Farmer Murdered in Field in Sagar; Attackers Came to Steal Sprinkler Nozzles, Son Also Assaulted|सागर में किसान की खेत में हत्या; स्प्रिंकलर नोजल चोरी करने आए बदमाशों ने बेटे के साथ भी की मारपीट

सागर में गढ़ाकोटा थाना क्षेत्र के ग्राम कुमरई में एक वृद्ध किसान की खेत में हत्या कर दी गई। घटना के आरोपी खेत में लगे स्प्रिंकलर नोजल को चुराने के लिए आए थे। पिता को बचाने पहुंचे बेटे के साथ भी आरोपियों ने मारपीट की और फिर फरार हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है और उनकी तलाश जारी है।

पुलिस के अनुसार, 70 वर्षीय श्यामलाल कुर्मी निवासी कुमरई शुक्रवार रात अपने खेत पर पानी देने गए थे। आराम करने के लिए वह लेट गए। तभी अज्ञात बदमाश खेत में पहुंचे। श्यामलाल आहट सुनकर जाग गए और चॉर्ज जलाकर पूछा कि कौन है? लेकिन कोई जवाब नहीं आया। इसके बाद बदमाश जाने लगे, लेकिन उन्होंने श्यामलाल को पकड़ लिया और मारपीट शुरू कर दी।

पास के खेत से गुजर रहे एक युवक ने श्यामलाल के बेटे महेश कुर्मी को घटना की सूचना दी। महेश तुरंत खेत पहुंचे और देखा कि 5 से 6 बदमाश पिता को गंगाजोर की ओर ले जा रहे थे। उन्होंने बीच-बचाव करने की कोशिश की, लेकिन दोनों श्यामलाल और महेश के साथ मारपीट की गई। श्यामलाल के छाती में चाकू मारा गया। इसके बाद आरोपी फरार हो गए।

गंभीर रूप से घायल श्यामलाल को गढ़ाकोटा अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची, शव का पंचनामा बनाया और शनिवार को पोस्टमार्टम कराया। एफएसएल टीम ने घटना स्थल से आरोपियों से जुड़े साक्ष्य जुटाए। महेश कुर्मी की शिकायत पर अज्ञात 6 आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया है और जांच जारी है।

महेश कुर्मी ने बताया कि गाँव के एक युवक ने फोन करके खेत में शोर होने की सूचना दी। जब वह पहुंचे तो देखा कि पिता को पकड़कर गंगाजोर की ओर ले जाया जा रहा था और उनसे मारपीट हो रही थी। बीच-बचाव करने पर उन्हें भी पीटा गया। एसडीओपी प्रकाश मिश्रा ने बताया कि आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस टीम सक्रिय है और वारदात से जुड़े साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *