Over 300 Police Deployed in Shajapur for Rangpanchami: Drone Surveillance for Phag Yatra, Action Against Miscreants|शाजापुर में रंगपंचमी पर 300 से अधिक पुलिस जवान तैनात: फाग यात्रा की ड्रोन निगरानी, हुड़दंगियों पर होगी सख्त कार्रवाई

शाजापुर में रंगपंचमी के अवसर पर भव्य फाग यात्रा और रंगोत्सव की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन ने शहर में 300 से अधिक पुलिस जवानों को तैनात करने का निर्णय लिया है। आरआई वंदना सिंह ने बताया कि संवेदनशील क्षेत्रों में ड्रोन कैमरों के माध्यम से निगरानी की जाएगी और इस दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था पर तुरंत कार्रवाई की जाएगी।

फाग यात्रा रविवार दोपहर 12 बजे आजाद चौक से शुरू होगी। यह यात्रा छोटा चौक, सोमवारिया बाजार और मगरिया मार्ग से होकर बस स्टैंड पर समाप्त होगी। इस दौरान शहर के बड़ी संख्या में लोग शामिल होकर रंगों के साथ उत्सव मनाएंगे। आयोजन में डीजे का उपयोग प्रतिबंधित रहेगा और पारंपरिक ढोल-नगाड़े तथा लोक नृत्यों के साथ फाग यात्रा निकाली जाएगी।

शाजापुर में हर साल होली का पर्व पांच दिनों तक धूमधाम से मनाया जाता है। रंगपंचमी के दिन पूरे शहर में उत्सव का माहौल रहता है। आजाद चौक पर सुबह से ही सार्वजनिक होली उत्सव समिति द्वारा रंगों की बौछार शुरू कर दी जाएगी, जिसके बाद फाग यात्रा के साथ पूरा शहर रंगों में सराबोर दिखाई देगा। इस दिन लोग पारंपरिक रूप से कीचड़ की होली भी खेलते हैं और उत्साहपूर्वक एक-दूसरे पर रंग-गुलाल लगाकर त्योहार मनाते हैं।

शनिवार शाम 7 मार्च को चंद्रशेखर आजाद होली उत्सव समिति द्वारा आजाद चौक में “एक शाम सांवरिया सेठ के नाम” भजन संध्या का आयोजन किया जाएगा। इसमें राजस्थान के आरआर म्यूजिकल ग्रुप के कलाकार रोहित राजस्थानी भगवान सांवरिया सेठ के भक्ति गीतों की प्रस्तुति देंगे।

शाजापुर में मनाई जा रही परंपरागत पांच दिवसीय होली के चौथे दिन, शनिवार को आजाद चौक पर रंग-गुलाल की धूम रही। सुबह करीब 10 बजे से बड़ी संख्या में युवा, बच्चे और होली प्रेमी एकत्रित हुए और होली गीतों व ढोल की धुन पर झूमते नजर आए। इस दौरान जनप्रतिनिधियों से लेकर आम नागरिक तक सभी रंग-गुलाल में सराबोर दिखाई दिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *