Holi Colors Spark Violence in Chhatarpur: Dozen Injured, Eight Booked After Clash|छतरपुर में होली के रंग को लेकर विवाद: लाठी-डंडे चले, एक दर्जन घायल, आठ पर मामला दर्ज

छतरपुर जिले के गढ़ीमलहरा थाना क्षेत्र के मलका गांव में शुक्रवार को होली के रंग लगाने को लेकर बच्चों के बीच हुई कहासुनी हिंसक झड़प में बदल गई। इस घटना में दोनों पक्षों के एक दर्जन से अधिक लोग घायल हुए, जिन्हें इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

जानकारी के अनुसार, मलका गांव में बच्चों के बीच होली के दौरान रंग लगाने को लेकर शुरू हुई बहस जल्दी ही बढ़ गई और इसके बाद बड़ों के बीच भी झड़प शुरू हो गई। कुछ ही समय में स्थिति इतनी गंभीर हो गई कि दोनों तरफ से लाठी-डंडों का इस्तेमाल किया गया।

दोनों पक्षों के एक दर्जन लोग घायल
मारपीट में दोनों तरफ के लगभग एक दर्जन लोग घायल हुए। परिजनों और ग्रामीणों की मदद से घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है और दोनों पक्ष एक-दूसरे पर आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

एक पक्ष की महिला राजकुमारी अहिरवार ने सरपंच और उनके बेटे पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि होली के दिन सरपंच और उनका बेटा उनके घर रंग खेलने आए थे, लेकिन इस दौरान सरपंच ने अभद्र व्यवहार किया। जब उन्होंने और उनकी बहू ने इसका विरोध किया, तो सरपंच पक्ष के लोगों ने गाली-गलौज करते हुए उनके परिवार पर हमला किया और घर में घुसकर मारपीट की। घटना के कुछ वीडियो भी सामने आए हैं, जिनमें घर के अंदर मारपीट करते लोग दिखाई दे रहे हैं।

वहीं, सरपंच पक्ष ने दूसरे पक्ष पर ही मारपीट करने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि झगड़ा मूल रूप से बच्चों के रंग लगाने को लेकर हुआ था और अब उन पर छेड़छाड़ के आरोप लगाए जा रहे हैं।

पुलिस की कार्रवाई
मामले की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने बताया कि दोनों पक्षों में मारपीट हुई है। फिलहाल एक पक्ष की रिपोर्ट के आधार पर 8 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। इन लोगों में भागीरथ, राजकुमार, राहुल, मनीष, छेदीलाल, पप्पू, मनोज और लच्छी अहिरवार शामिल हैं। दोनों पक्षों के घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस बयान ले रही है और मामले की जांच जारी है। कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *