सिंगरौली में जमीन विवाद, महिला-बेटों पर जानलेवा हमला:पुलिस कार्रवाई से असंतुष्ट पीड़िता दोबारा एसपी कार्यालय पहुंची; निष्पक्ष जांच की मांग


सिंगरौली जिले के ग्राम कटोली में जमीन विवाद को लेकर हुआ खूनी संघर्ष अब तूल पकड़ता जा रहा है। मामले में पुलिस की कार्यप्रणाली से असंतुष्ट पीड़ित महिला मंगलवार को एक बार फिर एसपी कार्यालय पहुंची। महिला ने आरोप लगाया है कि उन पर जानलेवा हमला करने वाले आरोपियों के खिलाफ अब तक ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। पैतृक जमीन पर कब्जे का विरोध करने पर हमला पीड़ित महिला लीलामती शाह के अनुसार, ग्राम कटोली में उनकी पुश्तैनी जमीन पर कुछ लोग जबरन मकान का निर्माण करा रहे थे। 1 फरवरी को जब लीलामती अपने बेटों दीपक और सोनू के साथ वहां पहुंची और निर्माण रोकने की कोशिश की, तो दूसरे पक्ष के संतोष शाह, प्रद्युम्न, छोटेलाल, लखपति और यशोदा शाह ने उन पर हमला कर दिया। आरोप है कि हमलावरों ने टांगी, फावड़ा, डंडा और पत्थरों से उन पर हमला किया, जिससे महिला के सिर, नाक और हाथ में गंभीर चोट आईं। इस हमले में उनके दोनों बेटे भी घायल हुए हैं। पुलिस की रिपोर्ट पर उठाए सवाल पीड़िता का कहना है कि घटना के बाद उन्होंने खुटार पुलिस चौकी में शिकायत तो दर्ज कराई, लेकिन पुलिस ने उनकी रिपोर्ट को सही तरीके से दर्ज नहीं किया। उनका आरोप है कि शिकायत में घटना की पूरी सच्चाई नहीं लिखी गई, जिससे आरोपियों को फायदा मिल रहा है। निष्पक्ष जांच की मांग महिला ने यह भी बताया कि 2 फरवरी को कोर्ट से स्टे का आदेश मिलने के बावजूद दबंग जमीन पर जबरन निर्माण कार्य जारी रखे हुए हैं। महिला ने मामले की दोबारा और निष्पक्ष जांच कराई जाने की गुहार लगाई है। खुटार चौकी प्रभारी शीतला यादव ने बताया- शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है और पुलिस बारीकी से जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *