Wheat Crop Destroyed by Fallen Power Line Sparks: Transformer Sparks Ignite Field Bunds|बिजली तार टूटने से गेहूं की फसल जली; ट्रांसफार्मर की चिंगारी से खेत की मेढ़ में आग

बड़वानी जिले के अंजड इलाके में रविवार को आग लगने की दो अलग-अलग घटनाएं सामने आईं। पहली घटना ग्राम चकेरी की है, जहां बिजली का टूटा तार गिरने से किसान की गेहूं की फसल जल गई। वहीं दूसरी घटना छोटा बड़दा रोड पर हुई, जहां ट्रांसफार्मर से निकली चिंगारी की वजह से खेत की मेढ़ में आग लग गई।

ग्राम चकेरी के किसान राजकमल तोमर के खेत में टूटे बिजली के तार से निकली चिंगारी के कारण आग लग गई। इस आग में लगभग आधा से एक एकड़ में काटकर रखी गई गेहूं की फसल जलकर राख हो गई, जिससे करीब 20 हजार रुपए का नुकसान हुआ। ग्रामीणों और मजदूरों ने तुरंत सक्रियता दिखाते हुए आग पर काबू पाया, जिससे पास के खेतों की फसल बच गई। खास बात यह रही कि सूचना मिलने पर पहुंची फायर ब्रिगेड की गाड़ी खेत तक जाने वाला रास्ता खराब होने के कारण बीच में ही फंस गई, जिसे बाद में जेसीबी की मदद से बाहर निकाला गया।

छोटा बड़दा रोड पर किसान कुलदीप सिंह झाला के खेत में लगे ट्रांसफार्मर से चिंगारी निकली और खेत की मेढ़ में आग लग गई। उस समय खेत में चने की कटाई कर रहे मजदूरों ने समय रहते लपटें देखीं और आग बुझा दी। मौके पर नगर परिषद की फायर ब्रिगेड भी पहुंची। किसान ने आरोप लगाया कि बिजली विभाग ने कई बार शिकायत के बावजूद ट्रांसफार्मर का रखरखाव नहीं किया, जिससे बड़ा हादसा हो सकता था।

भारतीय किसान संघ के जिला मंत्री कमल सिंह तोमर ने बिजली कंपनी से लाइनों की मरम्मत करने और प्रशासन से खेतों तक पहुंचने वाले रास्तों को ठीक करने की मांग की है। प्रभावित किसान ने भी नुकसान के मुआवजे की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *