VHP Organizes Religious Procession in Jhabua; Women Carry Kalash as City Echoes with Devotional Chants|झाबुआ में VHP ने निकाली शोभायात्रा, महिलाओं ने सिर पर मंगल कलश धारण कर लगाए जयकारे

झाबुआ में विश्व हिंदू परिषद के धर्म प्रचार विभाग की ओर से मदरानी क्षेत्र में एक शोभायात्रा निकाली गई। यह धार्मिक यात्रा मदरानी के शीतला माता मंदिर से प्रारंभ होकर सावन माता मंदिर (वसुनिया साथ) तक पहुंची, जिसमें जनजाति समाज की महिलाओं ने बड़ी संख्या में भाग लिया।

शोभायात्रा के दौरान कई महिलाएं पारंपरिक वेशभूषा में सिर पर मंगल कलश धारण कर चल रही थीं। यात्रा के दौरान पारंपरिक वाद्य यंत्रों की धुन और माता के जयकारों से पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा। नगर के मुख्य मार्गों से गुजरते समय स्थानीय लोगों ने पुष्प वर्षा कर शोभायात्रा का स्वागत किया।

इस आयोजन में विश्व हिंदू परिषद के जिला प्रचार प्रमुख कमल जी महाराज विशेष रूप से उपस्थित रहे। उनके साथ जिला सह प्रमुख रमेश निनामा, रामसिंह भूरिया और सलिया महाराज ने भी धर्म ध्वजा थामकर यात्रा में भाग लिया और आयोजन की शोभा बढ़ाई। पूरी शोभायात्रा स्थानीय पटेल रमू भाई वसुनिया के नेतृत्व में व्यवस्थित रूप से संपन्न हुई।

पुलिस प्रशासन के सहयोग से यात्रा शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से पूरी की गई। सावन माता मंदिर पहुंचने के बाद श्रद्धालुओं द्वारा सामूहिक आरती की गई। इसके पश्चात मंदिर परिसर में भजन-कीर्तन का आयोजन हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर भक्ति का आनंद लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *