![]()
शिवपुरी शहर में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए कोतवाली पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में कार्रवाई की और सोमवार को कुल तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। इनमें कार सवार परिवार से मारपीट करने वाले दो लोग और सार्वजनिक स्थान पर उपद्रव मचाने वाला एक युवक शामिल है। सभी आरोपियों को जुलूस निकालकर एसडीएम न्यायालय में पेश किया गया।
पहला मामला थीम रोड स्थित मधुरम स्वीट्स के पास का है। रविवार दोपहर नाई की बगिया निवासी रामनिवास शर्मा (65) अपने परिवार के साथ कार से माधव चौक से ग्वालियर बायपास जा रहे थे। इसी दौरान एक इलेक्ट्रिक स्कूटी से टक्कर के बाद विवाद शुरू हुआ। रामनिवास ने शिकायत दर्ज कराई कि अरबाज खान समेत 3-4 लोगों ने उनके और उनके बेटे संयोग पाराशर के साथ गाली-गलौज और मारपीट की। बीच-बचाव करने आई बहू सोनम शर्मा के साथ भी धक्का-मुक्की हुई, जिससे उनका कान का सोने का टॉप्स गिर गया। पुलिस ने अरबाज खान और इसरार खान को गिरफ्तार किया और उनका जुलूस निकालकर एसडीएम कोर्ट में पेश किया। तीसरा आरोपी तोहिद उर्फ गब्बर खान अभी फरार है।
दूसरे मामले में कोतवाली पुलिस ने धर्मेंद्र सांखले (31), निवासी बड़ी सिफा नहर, जिला सीहोर को गिरफ्तार किया। धर्मेंद्र शिवपुरी में नक्षत्र गार्डन में टेंट लगाने की मजदूरी करने आया था। चार दिन पहले सर्किट हाउस के पास काली माता मंदिर के नजदीक उसने लोगों के साथ गाली-गलौज और अभद्रता करते हुए उपद्रव किया। सूचना मिलने पर पुलिस ने उसे पकड़कर थाने ले जाकर शांति भंग की धाराओं में कार्रवाई करते हुए जुलूस निकालकर एसडीएम कोर्ट में पेश किया।












Leave a Reply