![]()
मंगलवार को टीकमगढ़ में वाल्मीकि समाज के लोगों ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय के बाहर विरोध प्रदर्शन किया। उन्होंने एसपी के नाम ज्ञापन सौंपकर उस युवक के साथ हुई मारपीट के मामले में दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। प्रदर्शन के दौरान एसडीओपी राहुल कटरे ने प्रदर्शनकारियों से मुलाकात की और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया।
वाल्मीकि मोहल्ला निवासी बबलू प्रसाद वाल्मीकि के अनुसार, यह घटना सोमवार रात लगभग 10:30 बजे हुई। अनिकेत वाल्मीकि के साथ कथित तौर पर अम्मू सोनी, अमन सोनी और संशय सोनी ने अपने पिता और दोनों भाइयों के साथ मिलकर उसका रास्ता रोककर मारपीट की। इस हमले में अनिकेत गंभीर रूप से घायल हो गया।
अनिकेत को टीकमगढ़ जिला अस्पताल ले जाया गया। उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे झांसी रेफर कर दिया। बताया गया कि अनिकेत के सिर में कई जगह फ्रैक्चर हैं और वह बेहोशी की हालत में रेफर हुआ था।
समाज के लोगों का आरोप है कि पुलिस ने इस मामले में मामूली धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। प्रदर्शन के दौरान वाल्मीकि मोहल्ला के लोगों के साथ बजरंग दल के जिला संयोजक निलेश उठमालिया भी मौजूद रहे। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही दोषियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार नहीं किया गया, तो समाज के लोग और बजरंग दल के कार्यकर्ता मिलकर धरना और प्रदर्शन करेंगे। एसडीओपी ने कार्रवाई का भरोसा देकर स्थिति को शांत किया।












Leave a Reply