![]()
गुना में विधायक पन्नालाल शाक्य द्वारा लगातार उठाए जा रहे “सिलेक्टेड और इलेक्टेड” के मुद्दे पर अब केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने भी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि उनके लिए इलेक्टेड प्रतिनिधि ही सबसे महत्वपूर्ण हैं और उनमें भी पन्नालाल शाक्य सबसे अधिक प्रभावशाली हैं।
दरअसल, गुना विधायक पन्नालाल शाक्य काफी समय से इलेक्टेड और सिलेक्टेड को लेकर बयान देते रहे हैं। हाल ही में एक कार्यक्रम के दौरान उन्होंने कहा था कि सिलेक्टेड लोग कई बार इलेक्टेड प्रतिनिधियों पर हावी हो जाते हैं और वर्तमान परिस्थितियों में ऐसा होते देखा भी जा सकता है। उन्होंने यह भी कहा कि कई ऐसे लोग हैं जिन्हें महत्व दिया जा रहा है, जबकि चुने हुए प्रतिनिधियों को अपेक्षित सम्मान नहीं मिल पा रहा। उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि गुना क्षेत्र में जो उपक्रम स्थापित किए गए हैं, क्या वे वास्तव में जनहित और लोकहित के लिए काम कर रहे हैं और क्या उनसे विकास का आभास होता है।
इसी मुद्दे पर गुना के बजरंगगढ़ में आयोजित जनसमस्या निवारण शिविर के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि कांग्रेस की प्रवृत्ति हमेशा देश को नीचा दिखाने की रही है। उनके अनुसार कांग्रेस अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भी भारत की छवि को कमजोर करने की कोशिश करती है और देश के भीतर भी लोकतांत्रिक संस्थाओं पर सवाल उठाती रहती है।
सिंधिया ने कहा कि कांग्रेस न्यायपालिका और चुनाव आयोग जैसी संस्थाओं पर भी प्रश्नचिह्न लगाती रही है, जबकि विश्व के कई देश भारत के चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली को उदाहरण के रूप में देखते हैं और उसे अपनाने की बात करते हैं। इसके बावजूद देश के भीतर चुनाव आयोग के खिलाफ प्रस्ताव लाना इस बात को दर्शाता है कि कांग्रेस देश की संस्थाओं को कमजोर करने का प्रयास कर रही है।
तेल और गैस के मुद्दे पर बोलते हुए केंद्रीय मंत्री ने कहा कि यह केवल भारत की समस्या नहीं है बल्कि एक वैश्विक संकट है। उन्होंने बताया कि वर्तमान समय में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर तीन देशों के बीच संघर्ष की स्थिति बनी हुई है, जिसमें एक ओर इजराइल और अमेरिका हैं और दूसरी ओर ईरान है। स्टेट ऑफ हॉर्मुज से दुनिया के लगभग 30 से 40 प्रतिशत तेल और गैस की आपूर्ति होती है और वहां पैदा हुए संकट का असर वैश्विक बाजार पर पड़ा है, जिससे तेल की कीमतों में बढ़ोतरी हुई है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने देश की जनता को भरोसा दिलाया है कि भारत में तेल, केरोसिन, डीजल और गैस की कमी नहीं होने दी जाएगी। सरकार इस दिशा में लगातार प्रयास कर रही है। उन्होंने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री की कूटनीतिक पहल के कारण जिस स्टेट ऑफ हॉर्मुज को ईरान द्वारा बंद किया गया था, उसे भारत के लिए खोला गया है, ताकि देश में तेल और गैस की आपूर्ति प्रभावित न हो।
सिंधिया ने बताया कि हाल ही में संसद में हरदीप पुरी ने भी इस पूरे मुद्दे पर विस्तार से जानकारी दी है और बताया है कि देश के पास पर्याप्त सप्लाई और स्टॉक उपलब्ध है।












Leave a Reply