![]()
सिवनी जिले में नेशनल स्टूडेंट्स यूनियन ऑफ इंडिया (एनएसयूआई) के जिलाध्यक्ष धनंजय सिंह के खिलाफ संगठन में असंतोष की स्थिति उत्पन्न हो गई है। आदिवासी युवा प्रकोष्ठ के कार्यकर्ताओं ने जिला कांग्रेस कमेटी सिवनी के अध्यक्ष को ज्ञापन सौंपकर धनंजय सिंह के इस्तीफे की मांग की है।
ज्ञापन में आरोप लगाया गया है कि एनएसयूआई जिलाध्यक्ष कार्यकर्ताओं, विशेषकर युवकों के साथ दुर्व्यवहार करते हैं और अपशब्दों का प्रयोग करते हैं। कार्यकर्ताओं ने कहा कि इस तरह का व्यवहार संगठन की छवि को नुकसान पहुंचा रहा है और उनमें नाराजगी बढ़ रही है।
हाल ही में सिवनी में दिग्विजय सिंह के दौरे के दौरान संगठनात्मक जिम्मेदारियों को पूरा करने के लिए धनंजय सिंह को 15 दिन का समय दिया गया था। हालांकि, आरोप है कि समयसीमा समाप्त होने के बाद भी इन कार्यों में कोई ठोस प्रगति नहीं हुई और अपेक्षित परिणाम प्राप्त नहीं हुए। ज्ञापन में यह भी कहा गया है कि इस मामले से समाज में नाराजगी और आहत होने की भावना फैली हुई है और संगठन की गरिमा व अनुशासन बनाए रखने के लिए तुरंत कार्रवाई की जाए।
एनएसयूआई जिलाध्यक्ष धनंजय सिंह ने अपने ऊपर लगे आरोपों को निराधार बताया है। वहीं, जिला कांग्रेस अध्यक्ष नरेश मारवी ने पुष्टि की कि कुछ युवकों ने यह मांग रखी है और इसकी जानकारी प्रदेश नेतृत्व को भेज दी गई है। एनएसयूआई के प्रदेशाध्यक्ष आशुतोष चौकसे ने बताया कि मामले की जांच के लिए पांच सदस्यीय टीम गठित की जा रही है। अब सभी की नजरें जांच रिपोर्ट और संगठन की आगामी कार्रवाई पर टिकी हैं।












Leave a Reply